बिसौली (बदायूं)। बिसौली क्षेत्र के भमोरी गांव में मारपीट का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें कुछ युवकों के अलावा लड़कियां और बुजुर्ग भी एकदूसरे से मारपीट करते दिख रहे हैं। बताया गया कि गांव का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। नया ट्रांसफार्मर जल्दी लगाने के लिए बिजली कर्मचारियों ने सुविधाशुल्क मांगा था। इसके लिए सभी घरों से पचास पचास रुपये चंदा किया गया। कुछ लोगों ने आनाकानी की तो बहस के बाद लाठियां चल गईं। पुलिस ने दो महिलाओं और दो व्यक्तियों का शांतिभंग में चालान किया है।
मारपीट का मामला बृहस्पतिवार सुबह का है। ग्रामीणों के मुताबिक उनके गांव का ट्रांसफार्मर फुंक गया है। इससे लोगों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने नया ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को सूचना दी थी। कुछ कर्मचारियों ने नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए रुपये मांगे। इससे गांव के लोग पचास-पचास रुपये चंदा एकत्र कर रहे थे। इसमें एक पक्ष ने रुपये देने से मना कर दिया। इससे गांव के सर्वेश और श्योराज पक्ष के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई। आरोप है कि बाद में श्योराज पक्ष के लोग सर्वेश के घर में घुस आए और उन्होंने परिवारवालों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसमें सर्वेश, उनकी पत्नी मुन्नी और बेटा मुकेश घायल हो गए। मारपीट के दौरान एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें दोनों पक्षों के लोगों के हाथों में लाठी-डंडे हैं। वह एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वहीं एक युवती अपने परिवारवालों का बचाव करती दिख रही है। इसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के चार-चार लोगों को हिरासत लिया है। इसमें दो महिलाओं और दो व्यक्तियों का शांतिभंग में चालान कर दिया। सर्वेश पक्ष ने कार्रवाई की मांग की है।
मारपीट करने के मामले में यदि घर में घुसकर हमला हुआ है तो जांच के बाद गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को जेल भिजवाया जाएगा। - सीओ विनय सिंह चौहान
भमोरी में ट्रांसफार्मर फुंकने की मुझे कोई जानकारी नहीं है। यदि कर्मचारियों ने कोई धन लिया है तो इसकी जांच कराई जाएगी। इसके बाद कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। - मुकेश कुमार, जेई