बदायूं। शुक्रवार को सुबह से तो बादल छाए रहे लेकिन दोपहर होते-होते कुछ समय के लिए धूप भी खिली। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शनिवार और रविवार को भी बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी का अनुमान है। इसके बाद सोमवार से मौसम कुछ दिनों के लिए साफ हो सकता है। हालांकि, इस दौरान सर्द हवाओं के साथ शीतलहर का प्रकोप बढ़ जाएगा।
चालू सप्ताह शुरू होने के साथ ही मौसम बदल गया था। कई दिन से बादल छाने के साथ बूंदाबांदी भी हो रही है। शुक्रवार को भी दिन की शुरुआत बादलों के साथ हुई, लेकिन दोपहर के वक्त कुछ समय के लिए धूप खिली। धूप खिलने और मौसम कुछ साफ होने के बाद तापमान में भी कुछ इजाफा दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 14 डिग्री के आस-पास दर्ज किया गया। सप्ताह के शुरू में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम ने बताया कि शनिवार और रविवार को बादल छाने के साथ बूंदाबांदी का भी अनुमान है। सोमवार के बाद मौसम साफ होगा। धूप भी खिलेगी, लेकिन इसके साथ ही तेज सर्द हवाओं के कारण शीतलहर का प्रकोप भी बढ़ जाएगा। संवाद