बदायूं। कड़ाके की हाड़ कंपाने वाली ठंड में धूप के लिए तरसते हुए लोगों को मंगलवार को सूर्यदेव ने दर्शन देकर ठिठुरन से राहत दी। हालांकि सुबह और शाम के समय बर्फीली हवाएं लगातार चलने के कारण अभी तेज ठंड से निजात नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सोमवार को यह छह और 15.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम के जानकारों के मुताबिक अभी ठंड से निजात मिलने की उम्मीद नहीं है।
जिले में इन दिनों ठंड का कहर जारी है। ठंड की वजह से लोग बेहाल और परेशान हो गए हैं। मंगलवार को सुबह में हल्का कोहरा छाया रहा, लेकिन कुछ समय बाद ही धूप निकल आई। धूप निकलने से लोगों को भीषण ठंड से राहत मिली है। इससे पूर्व सोमवार को दिनभर मौसम धुंधभरा और सर्द रहा, रात में बूंदाबांदी भी हुई, जिसकी वजह से गलन वाली ठंड से राहत मिली। मंगलवार को धूप निकलने के बाद घरों से लोग निकले, बाजारों में चहल पहल दिखी। ठंड से बेहाल पशु भी धूप सेंकते नजर आए। बच्चों ने भी खूब मस्ती की तो बुजुर्गों ने भी राहत की सांस ली। लोगों ने घंटों बैठकर धूप का आनंद लिया। वहीं बाजारों में रौनक दिखाई दी। लोगों ने घरों से निकलकर खरीदारी की। रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड पर भी लोग दिखे। मगर शाम होते ही सर्द हवा के चलते बाजारों में जल्दी सन्नाटा पसर गया।
स्कूल बंद होने से बच्चों को राहत
- मंगलवार और बुधवार को शीतलहर के अवकाश के चलते बच्चों को स्कूल नहीं जाना पड़ा, जिससे उनमें भी राहत रही। अभिभावकों का कहना था कि छोटे बच्चों को स्कूल जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। छुट्टी होने से बच्चे परेशान होने से बच गए।