फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंधी आई, आफत लाई

Tue, 28 Apr 2015 11:20 PM IST
badaun
विज्ञापन
विज्ञापन
जिले में शनिवार को भूकंप से एक महिला की मौत हो गई और दो बच्चे घायल हो गए थे। दो दिन के बाद जिले में आंधी ने कहर बरपाया। सोमवार की रात जिले में आंधी से पेड़, मकान और बिजली पोल धराशायी होने से इनकी जद में आकर एक बालक समेत चार लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। एक दर्जन से ज्यादा पशुओं की भी पेड़ और दीवारें गिरने से मौत हुई है। आंधी में हजारों की तादाद में पेड़ गिर गए और दर्जनों मकान धराशायी हो गए। सबसे ज्यादा नुकसान सहसवान में हुआ है। बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त होने से पूरे जिले की बिजली सप्लाई ठप हो गई है।
विज्ञापन

सहसवान में मां-बेटे समेत तीन की मौत
सहसवान। सोमवार की रात में आई आंधी से सहसवान के सादपुर गांव में कच्ची दीवार गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई। भगता नगला गांव में पेड़ गिरने से एक ग्रामीण की जान चली गई। विधायक ओमकार सिंह यादव और एसडीएम हरीशंकर यादव ने गांवों में पहुंच कर पीड़ितों से बात की और मृतकों को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
सहसवान के गांव सादपुर में आंधी से जुगेंद्र के घर की कच्ची दीवार गिर गई। घर में सो रहीं जुगेंद्र की पत्नी सर्वेशा (40), 18 वर्षीय पुत्र सीताराम की मलबे में दबकर मौत हो गई। जबकि जुगेंद्र का 11 वर्षीय पुत्र राजकुमार गंभीर घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भगता नगला गांव में पेड़ गिरने से भिखारी (56) पुत्र रामस्वरूप की मौत हो गई। इसी गांव में दीवार गिरने से जस्सो (50) पत्नी धर्मपाल, भूरे (42) हीरालाल घायल हो गए। खनुआनगला में कृेशा (50) पत्नी ऋषिपाल, औरंगाबाद टप्पा जामनी में इदरीश (50) पुत्र तुरवा खां, बस्तोई में शंकर (40) पुत्र लाल बहादुर, मुडारी सिधारपुर में सुदामा (60) पत्नी जोधी, दौलतपुर में राजवीर (38) पुत्र गजराम सिंह दीवार और पेड़ गिरने से घायल हो गए।
विज्ञापन

मकान पर पेड़ गिरा, बालक की मौत
उघैती। आंधी से उघैती के बुधनगर गांव में नीम का पेड़ एक घर पर गिर गया। इसमें एक बालक की मौत हो गई। महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। थाना क्षेत्र के गांव बुधनगर में सोमवार की रात मनवीर के परिवार वाले आंगन में सो रहे थे। छत पर पेड़ गिरने से एक दीवार इन लोगों पर गिर गई। मनवीर के 12 वर्षीय पुत्र समीर की मलबे में दबकर मौके पर मौत हो गई। उनकी पत्नी मीनाक्षी (47), आठ वर्षीय पुत्री काजल और छह वर्षीय पुत्र पप्पू घायल हो गए। खबर मिलने पर एसडीएम विधान जायसवाल ने गांव पहुंच कर परिवार वालों से बात की। पप्पू की हालत गंभीर है।
वजीरगंज में ढह गया कोल्ड स्टोर
वजीरगंज। कोल्ड स्टोर की इमारत भी आंधी का सामाना नहीं कर सकी। तूफान से दीवारें ढह गईं और टीन शेड उड़ गया। मलबे की चपेट में जाकर दो भैंसों की मौत हो गई और तीन जानवर घायल हो गए। गनीमत रही कि इससे जनहानि नहीं हुई है। नगर में बिसौली रोड पर रमेश वार्ष्णेय का मंगलामाता नाम से कोल्ड स्टोर है। सोमवार की रात आंधी में कोल्ड स्टोर ढह गया। इससे करीब 20 लाख रुपये की क्षति हुई है। वजीरगंज के गांव रहड़िया में पेड़ गिरने से बिट्टन (32), गांव पुसगवां में कुंवरसेन और राकेश वाल्मीकि के मकानों की दीवारें ढह गईं। इससे कुंवरसेन की आठ वर्षीय बेटी शारदा और केतकी (68) पत्नी मुन्ना लाल घायल हो गईं।
कई पशु चढ़ गए आंधी की भेंट
सहसवान। गांव दौलतपुर में राजवीर सिंह का दो मंजिला मकान तूफान में ढह गया। चंदनपुर में मकान दीवार गिरने से बबलू की भैंस मर गई। रसूलपुर कलां में दीवार गिरने से मोरपाल की भैंस और भोले की गाय दबकर मर गई। खनुआनगला में दीवार गिरने से सौदान की भैंस और ऋषिपाल का बछड़ा मलवे में दबकर मर गए। दानपुर में दीवार के मलबे में दबकर पप्पू की भैंस मर गई।
आसफपुर में दो लोग घायल
आसफपुर। तूफान में दीवार गिरने से शशीवाला (26) पत्नी राहुल और उनका दो साल का बेटा नितिन घायल हो गए। इलाके में तूफान से कई पेड़ भी धराशायी हो गए हैं।
इस्लामनगर में दो मकान गिरे
नूरपुर पिनौनी। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नौगवां में तूफान से तेजराम का मकान गिर गया। मलबे की चपेट में आने से तेजपाल की पत्नी कमलेश घायल हो गईं। दजरामपुर में उदयवीर का मकान गिर गया। गनीमत रही कि मलबे की जद में आकर कोई घायल नहीं हुई।
पेड़ गिरने से कई रोड घंटों रहे जाम
बदायूं। आंधी में हजारों पेड़ धराशायी कर दिए। इससे बरेली-मथुरा, मुरादाबाद-फर्रुखाबाद, बदायूं-मेरठ, बदायूं-बिजनौर समेत कई हाईवे पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही। हाईवे पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात सामान्य किया जा सका। मोहल्ला कबूलपुरा में बबलू का मकान गिर गया। गनीमत रही कि मलवे की चपेट में आकर कोई घायल नहीं हुआ। लोटनपुरा मोहल्ले की चर्च वाली गली में एक दीवार ढह गई। यहां भी किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
कई मकान गिरे, दो जानवरों की मौत
उझानी। तूफान से कोतवाली क्षेत्र के गांव सकतपुर में भारी नुकसान हुआ है। एक दर्जन से ज्यादा झोपड़ियां तूफान की भेंट चढ़ गईं। दीवार गिरने से मुन्नालाल, उसकी पत्नी बीना देवी घायल हो गई। दीवार की चपेट में आकर मुनेश की भैंस  की मौत हो गई। गठौना में मुश्ताक की झोपड़ी पर बिजली का पोल गिर जाने से परिवार के तीन सदस्य फंस गए। ग्रामीणों ने मशक्कत कर उन्हें निकाला।
कुआडांडा गांव में राघवेंद्र, रामभरोसे, रक्षपाल और चंद्रप्रकाश के मकानों में दरार पड़ गई है। टीन की चपेट में आने से चंद्रप्रकाश घायल हो गया। अब्दुल्लागंज में राकेश वर्मा के मकान पर पेड़ गिर जाने से दीवार ढह गई। श्यामबाबू सक्सेना के घर में भी नुकसान हुआ है। पप्पन मिश्रा के पैर पर ईंट गिर जाने से फ्रेक्चर हो गया। दूदेनगर, बरसुआ, वरामयखेड़ा, बुटला, कछला, हुसैनपुर, ननाखेड़ा, अमीरगंज समेत एक दर्जन गांवों में भी तूफान से नुकसान हुआ है। नगर के पठानटोला मोहल्ले में तरन्नुम के मकान की पिछली दीवार ढह गई। गौतमपुरी में पप्पू का मकान चटक गया। बरेली-मथुरा और दिल्ली हाईवे पर पेड़ गिर जाने से तड़के तक आवागमन बाधित रहा।
बिल्सी। नगर के मोहल्ला कछला रोड पर राशन कोटेदार शाहबुद्दीन सैफी के मकान का आगे हिस्सा तूफान से गिर गया। इससे करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिरोजपुर गुमराह में लेखपाल नत्थू लाल सागर का मकान बारिश-तूफान में धराशायी हो गया। गुधनी में नरेश का मुर्गी फार्म धराशायी हो गया। कटैया भगवती में श्रीकृष्ण की भैंस पेड़ गिरने में मर गई। फैतुल्लागंज में रामवीर का बछड़ा घायल हो गया। नौगवां में तेजपाल, कमलेश पत्नी तेजपाल मकान के मलबे में दबकर घायल हो गए। राजपुर रोशननगर में ब्रह्पाल और भूशंकर घायल हो गए। मई खुर्द में लटूरी लाल का बछड़ा मर गया। कुंदावली में शिशुपाल की भैंस और एक बैल घायल हो गए। तहसीलदार आरएस शर्मा ने बताया कि नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
सैदपुर। वार्ड नंबर एक में मुन्नी लाल के मकान पर पेड़ गिरने से मकान का लिंटर धराशासी हो गया। इसमें कोई घायल नही हुआ है। इलाके में तूफान से भारी नुकसान हुआ है।
बिसौली। तूफान में पेड़ गिरने से घंटों हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। यहां तूफान से किसी के मरने या घायल होने की खबर नहीं है। पेड़ गिरने से आंवला रोड पर भी जाम की स्थिति बनी रही। कई घंटों के बाद रोड साफ करके यातायात सुचारू हो सका।
20 घंटे कई इलाकों में ठप रही बिजली सप्लाई
बदायूं। आंधी से हुए नुकसान का बिजली विभाग आंकलन तक नहीं लगा सका है। देर रात तक अफसर आंकड़ेबाजी में उलझे हुए थे। तूफान की वजह से जिले के कई इलाकों में 20 घंटे बिजली सप्लाई ठप रही। कई इलाकों में देर रात तक बिजली सप्लाई चालू नहीं हो सकी। तूफान से सहसवान, बिसौली, बिल्सी, इस्लामनगर, दातागंज, उझानी, वजीरगंज, सिलहरी आदि इलाकों में हजारों पेड़ धराशायी हो गए। पेड़ गिरने से तमाम बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। देर रात बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता अनूप चंद्रा ने बताया कि तूफान से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। कुछ इलाकों में बिजली सप्लाई चालू कर दी गई है।
मकान के नीचे दबकर दो भैंसों की मौत
जरीफनगर /दहगवंा (बदायूं)। थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव रसूलपुर में ठाकुर सिंह के मकान को गिरने से दो भैंसों की उसमें दबकर मौत हो गई। जबकि शिशुपाल पुत्र भोले की टीन उड़कर गाय के ऊपर गिरने से उसकी गर्दन कटकर मौत हो गयी। इसी के साथ लाला पोशाकी के दीवार के गिरने से ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया है। जबकि जरीफनगर गांव अंदर पोखे पुत्र रघुनाथ का मकान गिरने से उनके 16 वर्षीय बेटा प्रेम 12 वर्षीय बेटा सत्तन, सात वर्षीय बेटा रमेश सहित उनकी पत्नी दानवती के चोट आईं हैं। बजकि रामपुर टप्पावैश के रहने वाले इसरार के मकान पर बरगद का पेड़ गिरने से मकान धराशायी हो गया है।
छात्र की मौत पर शोक
बदायूं। विकासखंड इस्लामनगर क्षेत्र के गांव बुद्धनगर स्थित प्राथमिक स्कूल के कक्षा पांच के छात्र समीर के आकस्मिक निधन पर विद्यालय स्टाफ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस मौके पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक नबाव सिंह, सहायक अध्यापक राकेश चंद्र यादव, बबिता चौहान, शिक्षामित्र महीपाल सिंह आदि थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें