बिसौली। गांव सुजानपुर में सोमवार को जमीन की पैमाइश और कब्जा दिलाने की कार्रवाई के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम के खेत से लौटते ही दूसरे पक्ष के लोगों ने भारत सिंह यादव पक्ष पर फावड़े और बल्लम से हमला कर दिया। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
गांव निवासी भारत सिंह यादव और सत्यभान यादव पक्ष के बीच जमीन को लेकर एसडीएम न्यायालय में सीमांकन का केस चल रहा था। करीब दो माह पहले हुई ठियाबंदी के मामले में भारत सिंह और रामवीर ने एसडीएम प्रियंका गोयल के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया था। इसी के बाद सोमवार को एसडीएम के आदेश पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गांव पहुंची। नायब तहसीलदार अमित कुमार, कानूनगो सदावली, लेखपाल सतीश मिश्रा और हल्का इंचार्ज धूम सिंह की मौजूदगी में विवादित खेत की जुताई कराई।
कार्रवाई होने के बाद टीम तहसील मुख्यालय लौट गई। आरोप है कि टीम के लौटते ही दूसरे पक्ष के करीब एक दर्जन लोग खेत पर पहुंच गए। उन्होंने भारत सिंह पक्ष के लोगों पर फावड़े और बल्लम से हमला कर दिया। हमले में भारत सिंह यादव, रामवीर, धर्मेंद्र और स्वाति घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां से भारत सिंह, रामवीर और धर्मेंद्र को जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में तीनों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
सीओ बिसौली अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि तीन लोगों के साथ मारपीट की जानकारी मिली है। अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व विभाग की टीम की ओर से जमीन की नाप-जोख और कब्जा हस्तांतरण की कार्रवाई कराई गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद होने पर मारपीट की घटना सामने आई। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई करेगी। - प्रियंका गोयल, एसडीएम, बिसौली
बदायूं के बिसौली में खेत की जुताई को लेकर हुई मारपीट में घायल रामवीर यादव। स्त्रोत पुलिस
बदायूं के बिसौली में खेत की जुताई को लेकर हुई मारपीट में घायल रामवीर यादव। स्त्रोत पुलिस