आसफपुर। कुछ पुलिसकर्मी कोरोना के खतरे के बीच लागू लॉकडाउन में भी ऊपरी कमाई से नहीं चूक रहे हैं। शनिवार सुबह बिसौली में आंवला स्टैंड पर दो सिपाहियों ने भूसा भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया। भूसा बेचने वाले को लॉकडाउन का हवाला लेकर कार्रवाई की चेतावनी दी। आरोप है कि सिपाहियों ने किसानों को पीटा और 500 रुपये वसूल लिए। डेयरी संचालक की शिकायत पर सीओ राघवेंद्र सिंह ने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
फैजगंज बेहटा थाने के कस्बा आसफपुर में पवन मिश्रा डेयरी चलाते हैं। उनके यहां भूसा खत्म हो गया था। पवन मिश्रा ने सहसवान के गांव बधाई में एक ट्रॉली भूसा तय किया। बधाई गांव के किसान पूरन और दिनेश शनिवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरकर आसफपुर जा रहे थे। सुबह करीब छह बजे आंवला स्टैंड के पास दो सिपाहियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली रोक लिया। किसानों को लॉकडाउन का हवाला लेकर कार्रवाई की बात कही और 500 रुपये मांगे। किसानों के मना करने पर उनको पीट दिया। रुपये वसूलने के बाद ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को आगे जाने दिया। आसफपुर पहुंचने पर दिनेश और पूरन ने पूरी बात डेयरी संचालक पवन मिश्रा को बताई। उन्होंने सूचना सीओ बिसौली राघवेंद्र सिंह को दी। सीओ का कहना है कि मामला जानकारी में है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।