दबंगों ने क्षतिग्रस्त की थार गाड़ी। स्रोत पीड़ित
- फोटो : सोशल मीडिया
उघैती। ईखखेड़ा के एक युवक ने ग्राम समाज की जमीन पर हुए कब्जा का विरेाध किया। इस पर दबंगों ने उसके साथ मारपीट कर उनकी थार गाड़ी में तोड़फोड़ की। साथ ही दबंग और उसके भाई ने पिस्टल होने का वीडियो वायरल कर उसे फंसाने की धमकी दी।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव ईखखेड़ा निवासी सौरभ भारद्वाज ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसके गांव का दबंग प्रधान रह चुका है। उसने ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर रखा है। गांव के कई लोग भगवान परशुराम की प्रतिमा लगाकर पार्क बनाना चाहते हैं। आरोप है कि वह दबंग जमीन नहीं छोड़ रहा है। आरोप लगाया कि दबंग ने बहाने से उसे सती माता मंदिर पर बुधवार को बुलाया। यहां दबंग और उसके गुट के लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट की। उसके छोटे भाई ने बचने के लिए पिस्टल वाला लाइटर निकाल लिया तो दबंगों ने उसकी वीडियो बना ली। दबंग और साथियों ने नागर-रुदैना मार्ग पर उसकी थार गाड़ी रुकवा ली और उसके साथ मारपीट करते हुए गाड़ी में तोड़फोड़ की। पुलिस ने जांचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।