बेहटा गुंसाई में चकबंदी के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
बिल्सी। गांव बेहटा गुंसाई में चकबंदी न कराने की मांग को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण ग्राम सचिवालय पर एकत्र हुए और चकबंदी प्रक्रिया को पूरी तरह से निरस्त करने की मांग उठाई।
गांव निवासी अंशुल कुमार ने आरोप लगाते हुए बताया कि गांव का कोई भी व्यक्ति चकबंदी कराना नहीं चाहता है। इस संबंध में अधिकारियों को पहले ही शिकायती पत्र देकर अवगत कराया जा चुका है, बावजूद इसके चकबंदी को लेकर असमंजस की स्थिति है। वहीं गांव के मुकेश गुप्ता ने कहा कि पूरा गांव एकमत होकर चकबंदी का विरोध कर रहा है और सभी ग्रामीण चाहते हैं कि यह प्रक्रिया गांव में लागू न की जाए। मोहम्मद अली ने आशंका जताई कि चकबंदी होने से गांव में आपसी वाद-विवाद और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा है। इसी को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।
इस संबंध में चकबंदी अधिकारी संजय यादव ने बताया कि गांव में पिछले एक वर्ष से चकबंदी का कार्य बंद है। बुधवार को ग्रामीणों के साथ चकबंदी अधिकारियों की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें ग्रामीणों की सहमति के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस मौके पर रामस्वरूप, नबी हसन, लेखराज मौर्य, फहीम खां, पप्पू अली, मुकेश कुमार, रामेश्वर कश्यप, अंकित, श्रीकृष्ण गुप्ता, कमल बाबू, कुंवरपाल आदि मौजूद रहे। संवाद