सहसवान में बिजली उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
- फोटो : BADAUN
सहसवान। लगातार हो रही अंधाधुंध बिजली कटौती को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया। ग्रामीणों ने सहसवान पहुंचकर बिजली उपकेंद्र का घेराव किया। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी भी की।
तहसील मुख्यालय पर 21 और गांवों में 18 घंटे बिजली सप्लाई का शेड्यूल है, लेकिन यहां बमुश्किल सात से आठ घंटे बिजली मिल पा रही है। इस बीच भी बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। भीषण गर्मी के बीच नगर से लेकर गांवों तक बिजली कटौती से लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं।
गांवों में फसलों की सिंचाई प्रभावित होने से किसान परेशान हैं। अघोषित बिजली कटौती को लेकर हर तरफ रोष पनप रहा है। सहसवान, खितौरा, जरीफनगर, दहगवां उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में ज्यादा समस्या है। लगातार अंधाधुंध बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा फूट गया। काफी संख्या में ग्रामीणों ने बिजली उपकेंद्र का घेराव करने के साथ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी बिजली सप्लाई का शेड्यूल निर्धारित करने की मांग कर रहे थे।
बिजली कटौती : दबतोरी और इस्लामनगर में भी बुरा हाल
इस्लामनगर/दबतोरी। जिला मुख्यालय से कहीं ज्यादा बुरा हाल देहात क्षेत्र में है। कई इलाके तो ऐसे हैं जहां बमुश्किल एक से दो घंटे भी सप्लाई नहीं मिल पा रही। भीषण गर्मी के बीच लोगों में पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ रोष है।
आसफपुर बिजली उपकेंद्र के दबतोरी फीडर के 20 से ज्यादा गांवों में करीब 15 दिन से भयंकर समस्या बनी हुई है। इन गांवों में बमुश्किल एक से दो घंटे ही बिजली मिल पा रही है। दरअसल, करेंगी फीडर जर्जर है। इसके साथ ही फीडर पर भार भी क्षमता से ज्यादा है। यहां लोकल फाल्ट भी बड़ी समस्या बने हुए हैं। एसडीई आसफपुर मनीष यादव ने बताया कि कुछ कारणों से सप्लाई प्रभावित हो रही है। इसे सुचारु किया जा रहा है। दूसरी ओर इस्लामनगर क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। नगर से इतर गांवों में ज्यादा बुरा हाल है। फसलें सूख रही हैं, भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से लोग व्याकुल हो रहे हैं। बिजली उपकेंद्र पर शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही। पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ लोग आंदोलन शुरू करने का मन बना रहे हैं।