बिनावर। ग्राम पंचायत रसूलपुर और पुठी के बीच ग्राम समाज की जमीन से मिट्टी खनन के लिए कुछ लोग शुक्रवार को डंपर और जेसीबी लेकर पहुंचे। इस ग्रामीणों ने उनको खदेड़ दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जब तक पुलिस पहुंची, खनन माफिया भाग गए।
शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे रसूलपुर और पुठी के बीच बिजली उपकेंद्र के पीछे ग्राम समाज की जमीन पर माफिया ने मिट्टी का खनन शुरू कराया। इसकी सूचना गांव के प्रधान तक पहुंची। ग्रामीणों के साथ प्रधान मौके पर पहुंचे। भीड़ देखकर खनन करने वाले मौके से भागने लगे। ग्रामीणों ने जेसीबी चालक को पकड़ लिया। चालक ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस वे के काम के लिए ठेकेदार ने उन्हें लगाया है, उसका कोई दोष नहीं। इस बीच सड़क पर जेसीबी खड़ी होने से जाम लगने लगा तो ग्रामीणों ने उसे जाने दिया। थोड़ी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक जेसीबी और डंपर के साथ चालक मौके से भाग गए।
थानाध्यक्ष बिनावर अशोेक कुमार कंबोज ने बताया कि मौके से खनन करते जेसीबी और डंपर नहीं मिले। लेखपाल जयराम ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस के लिए ही मिट्टी खनन की जा रही है। ठेकेदार को जिस रकबा नंबर की मिट्टी खोदनी थी, वहां न खोदकर ग्राम समाज की जमीन से खोदाई करने लगा।