सिलहरी में ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया चोर। संवाद
सिलहरी(बदायूं)। गांव सिलहरी में मंगलवार की रात टेंपो खड़ा कर कोलतार के ड्रम की चोरी का प्रयास करते समय ग्रामीणों ने एक को दौड़कर पकड़ लिया। वहीं, दो चोर फरार हो गए। ग्रामीणों ने चोर की जमकर पिटाई की और टेंपो समेत उसको पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तीनों चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव सिलहरी निवासी अमन की ओर से दर्ज रिपोर्ट में बताया गया है कि मंगलवार रात वह अपने धर्मकांटे पर सो रहे थे। रात करीब दो बजे तीन लोग आए और कोलतार के ड्रम के पास अपना वाहन रोककर खड़े हो गए। तीनों लोग कोलतार के ड्रम को वाहन में चढ़ाने का प्रयास करने लगे। खटपट की आवाज सुनकर उसकी आंख खुल गई।
इसके बाद उसने शोर मचा दिया। गांव के तमाम लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। चालक टेंपो लेकर भागने लगा। वहीं, दो लोग खेतों की ओर भाग निकले। ग्रामीणों की मदद से दहेमी पेट्रोल पंप के पास टेंपो पकड़ लिया। चालक व टेंपो को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सतेंद्र पुत्र जयपाल सिंह निवासी नगला मसानी थाना बन्ना देवी अलीगढ़ बताया। जबकि फरार चोरों के नाम रिंकू व पप्पू हैं। दोनों अलीगढ़ के ही निवासी हैं। पुलिस ने चोरी के प्रयास में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।