बदायूं। कछला में अब ढाई किलोमीटर का नया बाइपास बनाया जाएगा। इसके बन जाने से कछला में रोजाना लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। सबसे ज्यादा राहत लोगों को गंगा स्नान के समय मिलेगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की तरफ से मेरठ-बरेली रोड पर काम किया जा रहा है। इसके तहत तीसरे चरण में कासगंज-बदायूं मार्ग पर काम किया जाएगा। इसकी शुरुआत हो चुकी है। बरेली से वाया बदायूं होते हुए मथुरा जाने वाले इस हाईवे को राष्ट्रीय राजमार्ग 530-बी नाम दिया गया है।
इसे बरेली में एनएच-24 (लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग) से जोड़ा जाएगा। एनएचएआई के अनुसार कछला कस्बे में सड़क की चौड़ाई उनके मानक के अनुरूप नहीं है, इसलिए वहां जाम लगता है। ऐसे में वहां पर ढाई किलोमीटर का बाइपास बनाया जाएगा। ताकि स्थानीय लोगाें को हाईवे के बनने से कोई दिक्कत न हो। बाइपास कस्बे के दायीं ओर बनाया जाएगा। जिससे कि बदायूं से कछला होते हुए कासगंज को जाने के लिए लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
तीसरे चरण में 1085.47 करोड़ से होगा काम
-जिले में तीसरे चरण के तहत सड़क का चौड़ीकरण, छोटी पुलिया, बाइपास, कछला में एक ब्रिज बनाने समेत अन्य कामों को किया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से 1085.47 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके तहत भूमि अधिग्रहण का काम चल रहा है। आने वाले दिनों में लोगों को धरातल पर काम देखने को मिलेगा।
कछला पुल से ही जुड़ेगा बाइपास
अभी तक की स्थिति यह है कि बदायूं होते हुए हाईवे पर सीधे कछला पुल होते हुए कासगंज, आगरा की तरफ वाहन जाते हैं। अब ढाई किलोमीटर का बाइपास बनने से वाहन चालकाें को थोड़ा घूमकर जाना होगा। लेकिन, रास्ता पुल पर ही जाकर जुड़ेगा।
हादसों में आएगी कमी
बाइपास बनने से कछला में होने वाले हादसों में कमी आएगी। कछला कस्बे की आबादी करीब दस हजार है। औसतन महीने में यहां आठ-दस हादसे हो जाते हैं। वजह यह है कि हाईवे होने के बाद भी यह टू-लेन है। यहां करीब पांच हजार से ज्यादा वाहन एक दिन में गुजरते हैं। बाइपास बनने से कस्बे के लोगों को भी राहत मिलेगी।
बरेली से बदायूं होते हुए मथुरा का सफर होगा आसान
जिले में सड़कों के हालात ज्यादा ठीक नहीं हैं। ऐसे में लोगों को सफर करने में काफी दिक्कत होती है। अभी कछला की तरफ टू-लेन है। इसे फोर लेन होना है। गंगा स्नान के अलावा भी गुरु पूर्णिमा, जन्माष्टमी आदि त्योहारों पर यहां अक्सर जाम लग जाता है। चूंकि, कई जगहों पर सड़कें बेहद संकरी है। चौड़ीकरण के बाद बरेली से मथुरा की राह आसान हो जाएगी।
कछला में ढाई किलोमीटर का एक छोटा बाइपास बनाया जाएगा। इससे वहां पर जाम नहीं लगेगा साथ ही लोगों को भी राहत मिलेगी। इसके साथ ही यहां चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-उत्कर्ष शुक्ला, परियोजना निदेशक, एनएचएआई