बदायूं के फैजगंज बेहटा क्षेत्र के सेंडोला गांव में मंगलवार सुबह बिजली के तार चोरी करते एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसके साथी भाग निकले। ये आरोपी तार काटकर अपने वाहन में लाद रहे थे। इसी दौरान वहां ग्रामीण पहुंच गए।
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सेंडोला गांव में मंगलवार सुबह बिजली की हाईटेंशन लाइन से तार चोरी करते एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसके साथी फरार हो गए। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपियों ने लाखों रुपये के तार काटे थे और धान की फसल को भी नुकसान पहुंचाया था।
विज्ञापन
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी कटे हुए तारों को कट्टों में भरकर अपने वाहन में लादने की तैयारी की थी। इसी दौरान उनका वाहन चकरोड में फंस गया। खेतों पर जा रहे ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया और शोर मचाया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया। अन्य चोर धान के खेत से भाग निकले। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। विद्युत निगम को भी मामले की सूचना दे दी गई है।
क्षेत्र में पहले भी हुई हैं ऐसी घटनाएं
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी कई बार बिजली के खंभों से तार चोरी हुए हैं। इन वारदात से खंभों के नीचे खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचता है। ग्रामीणों ने पुलिस से फरार आरोपियों की तलाश करने की मांग की है। उन्होंने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।