बदायूं के उझानी में फसल की रखवाली करने खेत पर जाते समय ग्रामीण को बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बुलंदशहर जिले के बाइक सवार दोनों घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा बुधवार रात करीब 10 बजे दिल्ली हाईवे पर हजरतगंज गांव में उच्च प्राथमिक विद्यालय के सामने हुआ। हजरतगंज निवासी राजेश शर्मा उर्फ राजू (49) पुत्र स्व. महेशचंद्र का गांव के पास ही खेत है। फसल की रखवाली को वह घर से निकल कर कुछ दूर आगे ही बढ़ पाए थे कि पीछे से बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मृतक राजेश के परिवार के लोग पहुंच गए। आसपास के लोगों की काफी भीड़ लग गई। राजेश के जीवित होने की आस में परिवार के लोग उन्हें जिला अस्पताल भी ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- UP News: पति को बेहोश कर जान से मारने की कोशिश, पत्नी और ससुरालवालों ने रची साजिश, रिपोर्ट दर्ज
बुलंदशहर के रहने वाले हैं बाइक सवार
बाइक सवार दोनों युवक घायल हुए हैं। वह बुलंदशहर जिले में डिबाई के निवासी बताए गए हैं। हालत गंभीर होने की वजह से वह अपने नाम नहीं बता पाए। उनकी बाइक को पुलिस ने कब्जे में लिया है। मृतक के भाई विद्युत विभाग में संविदा पर तैनात लाइनमैन नीरज ने बताया कि राजेश की शादी नहीं हुई थी। वह खेती करते थे। पुलिस ने बृहस्पतिवार अपराह्न पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव उनके परिजनों के हवाले कर दिया है। नीरज ने बाइक सवार अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है।