ग्राम समाज की संपत्ति को क्षति पहुंचाने के मामले में सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया ने बीडीओ दातागंज को तीन दिन के अंदर जांच कर आख्या देने के आदेश दिए हैं।
यह मामला तहसील क्षेत्र के गांव नवादा मधुकर की है। गांव निवासी अशोक कुमार तोमर ने मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि मनरेगा के अंतर्गत 2011 में ग्रामवासियों के घरों और नालियों, बरसात के पानी के निकाल के लिए नाले का निर्माण कराया गया था,जो पिछले वर्ष रामगंगा नदी के कटान से आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था लेकिन नाला बिल्कुल सही था। आरोप है कि दो लोगों ने पिछले सप्ताह उस नाले का हिस्सा तोड़कर उखाड़ लिया। लगभग पांच हजार ईंट निकालकर प्लास्टिक की पन्नी और बाजरा के पूलों से छिलाकर अपने बगीचे में रख लिया है। जिसकी अनुमानित रकम 25 हजार होगी। अशोक कुमार ने इस मामले की निष्पक्ष जांचकराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार की। इधर,सीडीओ ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ दातागंज को जांचकर तीन दिन के भीतर आख्या देने के आदेश दिए हैं।