बदायूं। थाना मुजरिया में सुरक्षा व निजता उल्लंघन का मामला सामने आया है। थाना प्रभारी ज्योति सिंह ने बताया कि 19 फरवरी को भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के जिलाध्यक्ष अतुल तोमर अपने एक साथी के साथ किसी पुराने मामले की पैरवी के सिलसिले में थाने आए थे।
आरोप है कि वार्ता के दौरान उनके साथी ने बिना अनुमति मोबाइल फोन से थाने के भीतर का वीडियो बना लिया। बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जिसके वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
इंस्पेक्टर ज्योति सिंह के अनुसार, वीडियो फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से डाला गया, जो अपराध की श्रेणी में आता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने इसे आईटी एक्ट की धारा 66 के उल्लंघन के तहत दर्ज किया है।
सरकारी कार्य में बाधा डालने और बिना अनुमति संवेदनशील परिसर की वीडियोग्राफी करने के आरोप में अतुल तोमर व उनके अज्ञात साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच सीओ बिल्सी कर रहे हैं।