अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों नेे बदायूं-ककराला रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान जाम में आगे बढ़ने की कोशिश करने पर एक ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर दी और उसके चालक को भी पीटा। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस थाने के गांव पड़ौआ निवासी राकेश (28) पुत्र रामकिशन शुक्रवार शाम पड़ोसी गांव कुलचौरा आया था। रात में वह यहां से वापस घर जा रहा था। कुलचौरा के पास ही राकेश को किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इस बारे में जब राकेश के परिवार वालों को पता लगा तो उन्होंने गांव के बाहर रोड पर जाम लगा दिया। जाम के दौरान कुलचौरा के सुनील ने अपना ट्रैक्टर आगे बढ़ाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर सुनील को पीट दिया। करीब आधा घंटा तक रोड जाम रहा। बाद में सिविल लाइंस एसओ अजय यादव ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सुनील की ओर से भी 10-12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है।