बदायूं। बुधवार को एआरटीओ दफ्तर में वाहनों की फिटनेस जांचने की ऑनलाइन व्यवस्था शुरू हो गई है। अब एम वाहन एप के माध्यम से वाहनों की फिटनेस की जाएगी। फिलहाल इसकी शुरुआत हो गई है। अब एप के माध्यम से ही फिटनेस जांची जाएगी। उसके बाद वाहन मालिक को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
एआरटीओ दफ्तर में अब तक वाहनों की फिटनेस की ऑफलाइन व्यवस्था थी। इसके तहत आरआई या एआरटीओ प्रवर्तन वाहनों की फिटनेस जांचकर उनका प्रमाण पत्र जारी करते थे, लेकिन अब बुधवार से इसकी ऑनलाइन व्यवस्था शुरू हो गई। एआरटीओ प्रवर्तन सोहेल अहमद ने बताया कि एम वाहन एप के माध्यम से वाहनों का फिटनेस होगा। ये एप विभागीय टैबलेट में डाउनलोड किया गया है। ये एप कार्यालय के पांच सौ मीटर के दायरे में काम करेगा। फिटनेस के लिए जो वाहन आते हैं। उनके छह फोटो खींचे जाएंगे। पहला चेसिस, दूसरा डैशबोर्ड और वाहन के चारों से फोटो खींचकर एम वाहन एप पर अपलोड किए जाएंगे। इस दौरान आवेदक को एसआर-12 फार्म भरना होगा। वाहन ठीक होने की दशा आनलाइन फिटनेस प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाएगा। इससे फर्जीबाड़ा पर लगाम लगेगी। ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से जिस समय वाहन के फोटो अपलोड किए जाएंगे, तभी से फिटनेस मानी जाएगी।
-बुधवार से कार्यालय में ऑनलाइन फिटनेस प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत वाहन के छह फोटो किए जाएंगे। उन्हें एम वाहन एप पर अपलोड किया जाएगा। ये एप कार्यालय के पांच सौ मीटर के दायरे में काम करेगा। - सोहेल अहमद, एआरटीओ प्रवर्तन