शहर के व्यस्त रजी चौक पर सगे भाइयों ने दिन में करीब 11 बजे हवाई फायरिंग करते हुए दहशत फैला दी। यहां जमकर गुंडई की। खबर मिलने पर पुलिस पहुंच गई। इससे पहले आरोपी भाग गए। मामले में मोबाइल शॉप स्वामी की ओर से मिली तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी को छापामारी शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला टिकटगंज निवासी सौरभ गुप्ता उर्फ पारुल की रजी चौक पर मोबाइल शॉप है। गुरुवार दिन में करीब 11 बजे मोहल्ला पनबाड़ी निवासी सगे भाई सैफ गाजी और फैज गाजी उसकी दुकान पर पहुंचे। यहां चिप डाउन लोड कराने को लेकर इनका सौरभ से विवाद हो गया। दोनों सौरभ को गालियां देने लगे। उसने जब विरोध किया तो दोनों भाइयों ने तमंचों से हवाई फायरिंग कर दी। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कोतवाली पुलिस ने सौरभ की तहरीर पर सैफ गाजी और फैज गाजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों की गिरफ्तारी को छापामारी की जा रही है।
मोबाइल शॉप दुकानदार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। शहर में गुंडई बिल्कुल नहीं होने दी जाएगी। गुंडई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।-मनोज कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली