बदायूं। टीकाकरण उत्सव के पहले दिन रविवार को 114 केंद्रों पर 8500 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। कोरोना की दूसरी लहर के बीच शासन ने 11 से 14 अप्रैल तक टीकाकरण उत्सव बनाने का आदेश दिया है। इसके तहत रविवार को पहले दिन उत्सव मनाया गया।
वैक्सीन की मांग के अनुरूप आपूर्ति न होने के कारण लक्ष्य के सापेक्ष टीकाकरण नहीं हो पा रहा था। कई बार तो लोगों को केंद्रों से बिना टीका लगवाए लौटना पड़ा। इस बीच शासन ने 11 से 14 अप्रैल तक टीकाकरण उत्सव मनाने का आदेश जारी कर दिया। वैक्सीन की कमी के बीच टीकाकरण उत्सव को लेकर ऊहापोह की स्थिति थी। शनिवार रात जिले को 21 हजार वैक्सीन की सप्लाई मिल गई। इसके बाद रविवार को टीकाकरण उत्सव मनाया गया। गौर करने वाली बात यह है कि वैक्सीन की उपलब्धता कम होने के कारण शासन ने जिले में प्रतिदिन होने वाले टीकाकरण का लक्ष्य भी कम कर दिया है। अब तक जो लक्ष्य 11 हजार था उसे घटाकर छह हजार कर दिया गया है। लक्ष्य के सापेक्ष रविवार को जिले में 114 केंद्रों पर 8500 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
देहात क्षेत्र के केंद्रों पर भी लगाया गया कोरोना का टीका
बदायूं। देहात क्षेत्र के क्षेत्रों पर भी कोरोना का टीका लगाया गया। उसावां में 415 लोगों को टीका लगाया गया। यह जानकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार ने दी। जगत में रविवार को 506 लोगों को टीका लगाया गया। रविवार को ही स्वास्थ्य केंद्र को वैक्सीन की 1500 वायल मिली हैं। वजीरगंज सीएचसी पर 58 लोगों को टीका लगाया गया। डॉ. विपिन वर्मा, डॉ. अभिषेक कुमार आदि ने निगरानी की। बगरैन स्वास्थ्य केंद्र पर 60 लोगों को टीका लगाया गया। डॉ. अजहर अहमद, डॉ. ऋतु आदि रहे।