मुख्यमंत्री के भाई सांसद धर्मेंद्र यादव के संसदीय क्षेत्र और वक्फ विकास निगम अध्यक्ष एवं सदर विधायक आबिद रजा के विधानसभा क्षेत्र, नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन फात्मा रजा के पालिका क्षेत्र में स्थित कवि डॉ. उर्मिलेश मार्ग की मरम्मत एवं पुर्ननिर्माण न होने से स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। सड़क की ओर पालिका परिषद, पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन के ध्यान न देने की सजा शहरियों, राहगीरों और शहर में आने वाले आगंतुकों को भुगतनी पड़ रही है।
लावेला से लेकर पुलिस लाइंस चौराहा के बीच इस सड़क पर हजारों की संख्या में गड्ढे हैं। इसमें तमाम स्थानों पर गड्ढे इतने बड़े हैं कि रिक्शा और बाइकों के साथ कारें तक पलटने का खतरा बना रहता है। साथ ही दुर्घटना होने की आशंका हर वक्त रहती है। इस रोड को बनवाने के लिए पालिका परिषद और पीडब्ल्यूडी बिल्कुल आंखें बंद किए हुए है।
इसी रोड पर स्थित बदायूं क्लब में 15 मई को डॉ. उर्मिलेश जन चेतना समिति के 10 वर्ष पूरे होने पर एक कवि सम्मेलन होगा, जिसमें नामचीन कवि कुमार विश्वास शिरकत करेंगे। यहां खास बात यह है कि विधायक आबिद रजा और उनकी पत्नी पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। डॉ. उर्मिलेश के नाम पर होने वाले कार्यक्रम में उनके नाम से बनी सड़क बदहाल है और उसमें होने वाले माननीय भी मुख्य अतिथि होंगे। ऐसे में इस सड़क का निर्माण न हो तो इसे किसका दुर्भाग्य कहा जाए?