सहसवान। कस्बा के शहबाजपुर मोहल्ला में रविवार शाम परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर एक किशोरी ने विषाक्त पदार्थ पी लिया। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां देर रात उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। किशोरी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
मोहल्ला शहबाजपुर निवासी एक व्यक्ति की 16 साल की बेटी की छोटी बहन के साथ रविवार शाम घर के काम को लेकर कुछ कहासुनी हो गई थी। इसके चलते परिजनों ने दोनों को फटकार दिया था। परिजनों की डांट से 16 साल की किशोरी क्षुब्ध हो गई। उसने चुपचाप घर में रखा विषाक्त पदार्थ पी लिया। कुछ देर बाद किशोरी की हालत बिगड़ गई।
वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। परिवार के लोग उसे सीएचसी ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों ने किशोरी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां देर रात किशोरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। शव का बिसरा प्रिजर्व किया गया है।