स्मार्ट मीटर को लेकर हंगामा करते लोग। संवाद
बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या आठ में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर जबरन मीटर लगाने के आरोप लगे। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के विरोध के चलते पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में स्मार्ट मीटर लगाए गए।
मोहल्ला संख्या आठ निवासी किसान नेता पप्पू अली ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की टीम लोगों की सहमति के बिना जबरन स्मार्ट मीटर लगा रही है, जबकि मोहल्ले के कुछ लोग फिलहाल स्मार्ट मीटर नहीं लगवाना चाहते। विरोध बढ़ने पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में बिजली विभाग की टीम ने कार्य को पूरा किया। इस संबंध में विद्युत उपखंड अधिकारी जेपी राजपूत ने बताया कि मोहल्ला संख्या आठ में नियमानुसार स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं ने आपत्ति जताई थी, उनके यहां चेक मीटर भी लगाए गए हैं। संवाद
शुरू में विरोध किया, समझाने पर स्मार्ट मीटर लगवाए
बदायूं। विद्युत निगम की ओर से शहर में कम बिलिंग वाले क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। सोमवार को अधीक्षक अभियंता चंद्रशेखर कुमार के नेतृत्व में शहर के सोथा में सैय्यदों वाली मस्जिद के आसपास और निजामी प्रेस वाली गली में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए टीम पहुंची। टीम को देखकर मीटर न लगवाने का उपभोक्ता विरोध करने लगे। इसके बाद अधिकारियों ने लोगों को समझाया और मीटर के लाभ बताए। इसके बाद विरोध शांत हुआ। एसडीओ सुमित कुमार, जेई चंद्रमणि गौतम के साथ पीआर व ऑपरेशन टीम मौजूद रही। संवाद
स्मार्ट मीटर को लेकर हंगामा करते लोग। संवाद