बदायूं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारी तेज हो गई है। शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने काम शुरू कर दिया है। आगामी 14 और 15 मार्च को प्रस्तावित इस दो दिवसीय परीक्षा में जिले के 15 केंद्रों पर कुल 17,280 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
इसके लिए बनाए गए 15 में से 14 परीक्षा केंद्र बदायूं शहर में बनाए गए हैं, जबकि एक केंद्र उझानी कस्बे में निर्धारित किया गया है। परीक्षा दोनों दिन सुबह और शाम की दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिसके मद्देनजर यातायात, सुरक्षा और निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है।
-
सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए गए हैं। प्रत्येक कक्ष की रिकॉर्डिंग की जाएगी और एक केंद्रीय कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था रहेगी। संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग होगी तथा बिना प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
वर्जन-
जिले में 14 व 15 मार्च को यूपी एसआई भर्ती परीक्षा होगी। इसके लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे।
- अवनीश राय, डीएम