बदायूं। उत्तर प्रदेश सरकार के बजट से जिले की तस्वीर बदलेगी। प्रदेश सरकार के नौवें बजट में शिक्षा, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य के साथ ही विकास को प्राथमिकता दी गई है। प्रदेश के बजट में हर वर्ग का पूरा ध्यान रखा गया है। बजट में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं। किसानों के लिए बागवानी के तहत बढ़ावा दिया गया है। बजट में किसानों की आय बढ़ाने की भी व्यवस्था की गई है। किसानों की मुख्य समस्या छुट्टा पशुओं के रखरखाव पर विशेष जोर दिया गया है।
प्रदेश सरकार के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना द्वारा पेश बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के साथ ही महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों का बजट में ध्यान रखा गया है। प्रदेश के प्राथमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में आईसीटी लैब एवं स्मार्ट क्लॉसेज की स्थापना को लेकर जो एलान किया है, इससे जिले के 2155 स्कूलों में पढ़ने वाले साढ़े तीन लाख छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा।
राजकीय पॉलीटेक्निक में स्मार्ट क्लॉसेज एवं पूर्णतया डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना होने पर राजकीय पॉलीटेक्निक बदायूं, अलापुर, सहसवान, बिल्सी के लिए लाभ मिलेगा। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहीं मेधावियों को स्कूटी प्रदान करने के लिए जो योजना लाई गई है, इससे भी जिले की प्रतिभाएं लाभान्वित होंगी।
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत तीन हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टेबलेट एवं स्मार्ट फोन मिलेंगे। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए जो दो हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है, इससे जिले को भी लाभ मिलेगा। पीएम श्री योजना के तहत स्मार्ट शिक्षा से जुड़ने के बाद बच्चों में विशेष बदलाव देखने को मिलेगा।
सड़कें भी चमकेंगी, पुल व पुलियाें का होगा निर्माण
बजट में पुल एवं सड़कों के निर्माण एवं राज्य राजमार्गों के चौड़ीकरण/ सुदृढीकरण के कार्यों पर जोर दिया गया है। इसके लिए सरकार ने मोटा बजट प्रस्तावित किया है। इसमें जिले को अंश प्राप्त होने पर डहरपुर से लेकर कंपिल तक जाने वाला मार्ग चौड़ीकरण में शामिल हो सकता है, इसके साथ ही बदायूं-ककराला मार्ग का भी चौड़ीकरण कराया जा सकता है। जिले में जहां, पुल, पुलिया बनने बाकी हैं, उन पर भी काम होगा। बिसौली में रानेट चौराहे पर जर्जर पुल के बराबर में नया पुल बनेगा। साथ ही एमएफ हाईवे का चौड़ीकरण भी हो सकता है।
शहर को दूसरे बाइपास की मिल सकती है सौगात
बजट में सरकार ने लोगों के आवागमन को सुगम बनाने के दृष्टिगत शहरों के बाईपास एवं रिंग रोड, चौराहों पर फ्लाईओवर आदि के निर्माण के लिए 1200 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया है। इस बजट में अगर जिले को शामिल किया गया तो शहर को दूसरा बाइपास भी मिल सकता है।
युवा लघु उद्योग लगाकर बन सकते हैं आत्मनिर्भर
बजट में सरकार ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम को बढ़ावा देने का काम किया है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत जिले के बेरोजगारों को भी लाभ मिलेगा। इस योजना के तहत बेरोजगार युवाओं के लिए छोटे-छोटे लघु उद्योग स्थापित करने का मौका मिलेगा, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत हाईस्कूल पास बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा।
माटी कला को मिलेगा बढ़ावा
उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड के संचालन के लिए 11.50 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है, इससे जिले के परंपरागत कुंभकारों को बढ़ावा मिलेगा। वर्तमान में जिले में करीब 300 परिवार ऐसे हैं, जो कि अपना पुस्तैनी कार्य करते आ रहे हैं। समय-समय पर सरकार इन लोगों का उत्साहवर्धन करती रहती है।
किसानों के नलकूप सोलर से होंगे संचालित
बजट में सरकार ने किसानों का भी भरपूर ध्यान रखा है। किसानों के लिए सिंचाई, बागवानी, राजकीय नलकूपों के आधुनिकीकरण और असफल राजकीय नलकूपों के पुनर्निर्माण, टपक सिचाईं को बढ़ावा दिया गया है, साथ ही गन्ना किसानों का बकाया दिलाने पर जोर दिया गया है। पीएम कुसुम योजना के तहत किसान धूप से चलित नलकूप स्थापित कर सकेंगे। साथ ही गोवंश को लेकर बजट में बढ़ा प्रावधान करके किसानों को खुश करने की कवायद की गई है।