बदायूं। यूपी बोर्ड ने परीक्षाओं को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड ने सोमवार को जिले में 102 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी। कहा कि अगर किसी व्यक्ति को इन केंद्रों को लेकर कोई आपत्ति है तो वह विभाग की ई-मेल आईडी पर 14 नवंबर तक शिकायत कर सकता है।
बोर्ड परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग की तरफ से तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। वहीं जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी भी परीक्षाओं को लेकर सक्रिय हो गए हैं। सोमवार को बोर्ड सचिव ने आगामी बोर्ड परीक्षाएं कराने के लिए केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी की है। इसके तहत जिले में 102 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जिला विद्यालय ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को इन परीक्षा केंद्रों से संबंधित कोई आपत्ति है तो वह ईमेल आईडी (यूपीएमएसपी डॉट ईडीयू डॉट इन) पर 14 नवंबर तक शिकायत कर सकता है। इसके बाद में जो भी शिकायतें आएंगी, उन पर कोई प्रत्यावेदन मान्य नहीं होगा।
पिछले साल से 2702 बढ़ गए परीक्षार्थी
यूपी बोर्ड परीक्षा देने के लिए गत वर्ष 64166 परीक्षार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था। तब 99 सेंटरों पर यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा हुई। वहीं इस बार 66868 परीक्षार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया है। ऐसे में इस बार 2702 ज्यादा परीक्षार्थी पंजीकृत है।
बोर्ड कार्यालय की ओर से प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची छात्र संख्या के साथ जारी की गई है। अगर किसी छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य, प्रबंधक को कोई आपत्ति या शिकायत है तो वह अपना प्रत्यावेदन 14 तक प्रस्तुत कर सकता है। -डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस