उझानी (बदायूं)। इस बार हाईस्कूल और इंटर के टॉपर उझानी के हैं। हाई स्कूल में संतोष कुमारी अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर के प्रांजल सक्सेना और रिषिका सक्सेना ने जिला टॉप किया। इंटर भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज की मिताली चांदना अव्वल रहीं।
रिजल्ट आने के बाद मिताली कॉलेज पहुंची और प्रधानाचार्या सुजाता माथुर व अन्य शिक्षिकाओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। कॉलेज के अध्यक्ष राजन मेंदीरत्ता ने भी मिताली की योग्यता और मेहनत को सराहा। शिक्षिकाओं में दीक्षा छाबड़ा ने बताया कि मिताली से ऐसी ही उम्मीद थी। मिताली के पिता के पिता कृष्णगोपाल प्राइवेट जॉब करते हैं। मां मधु गृहणी हैं
हाईस्कूल (10वीं) में संतोष कुमारी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रांजल सक्सेना के टॉप आने की खुशी में प्रबंधक रतन जिंदल और प्रधानाचार्य विश्राम सिंह उसके घर पहुंचे। प्रांजल का मुंह मीठा कराने के बाद उन्होंने उसके माता-पिता के मार्गदर्शन को सराहा। पिता उमेश और मां प्रियांशी ने विश्वास जताया कि उनका बेटा आगे भी अच्छा परिणाम देगा।
इसी तरह किलाखेड़ा मोहल्ले निवासी रिषिका की मां अनीता ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। रिषिका के पिता का निधन हो चुका है।
देवनागरी और विमला कॉलेज भी चमके
उझानी। देवनागरी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल और इंटर का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। इंटर में प्रज्ञा शर्मा ने कॉलेज टॉप किया। स्निग्धा दूसरे और नेहा खान तीसरे स्थान पर रही। हाईस्कूल में करिश्मा शाक्य ने कॉलेज में पहला स्थान पाया। ध्रुव सक्सेना दूसरे और डोरस जयंत तीसरे स्थान पर रहे। कॉलेज के डायरेक्टर संकेत मोहन शर्मा ने बताया कि मेधावियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा विमला हरिभगवान अग्रवाल कॉलेज में हाईस्कूल में शोभित यादव, शिवकुमार, अजय वर्मा तो इंटर में वेदप्रकाश, सोनू और जतन मिश्रा ने मेधावी होने का गौरव पाया है। प्रबंधक संजीव अग्रवाल ने बताया कि कॉलेज का रिजल्ट बेहतर रहा है।