जिले में दो बैंक शाखाएं भी खोली जाना है प्रस्तावित
फायनेंस और डिपॉजिट में पीएनबी ने दर्ज की बढ़त
जिले में लीड बैंक होने के नाते पंजाब नेशनल बैंक जनपदवासियों को बेहतरीन सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत इस वर्ष पीएनबी जिले में दो बैंक शाखाएं खोलेगी। यह जानकारी देते हुए पीएनबी बरेली मंडल के सकल हेड डीडी चांद ने बताया कि डिजिटल बैंकिंग के तहत पीएनबी शहर में ई-लॉबी खोलेगी। साथ ही बैंक क्लस्टर्स फाइनेंस पर बैंक का फोकस सर्वाधिक रहेगा।
सकल हेड चांद ने बताया कि रिटेल बैंकिंग में कार, हाउस, पर्सनल लोन पर भी खास फोकस रहेगा। कहा कि वर्ष 2015 की तुलना में बैंक का डिपॉजिट 3404 करोड़ से बढ़कर 3792 करोड़ हो गया। वहीं, एडवांस 2218 करोड़ से बढ़कर 2712 करोड़ पर पहुंच गया। बोले, बीते वर्ष की तुलना में चार गुना बढ़कर 63881 किसानों से 531 लाख रुपये का प्रीमियम जमा कराकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लोन दिया गया। कहा, कि मुद्रा स्कीम के तहत अधिकांश लाभार्थियों को लोन देकर पीएनबी आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। यही नहीं, त्योहारी सीजन में एटीएम में हर वक्त रुपये मौजूद रखने के निर्देश न सिर्फ पीएनबी बल्कि अन्य बैंकों को सेंट्रल मिनिस्ट्री से निर्देश दिए गए हैं, जिसका अनुपालन कराया जाएगा। इस दौरान लीड बैंक मैनेजर अनुराग रमन, अंकित कुमार आदि मौजूद रहे।
------
आर सेटी का बनेगा नया भवन
बदायूं। पंजाब नेशनल बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी )में जिले के अधिक लोगों को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार दिया जा सकेगा, क्योंकि आरसेटी का नया भवन बनने की मंजूरी मिल चुकी है और इसके लिए जमीन भी तय की जा चुकी है। यह जानकारी देते हुए डीडी चांद ने कहा कि वहां पर प्रशिक्षण लेने वाले लाभार्थियों को लोन देकर रोजगार प्राप्त करने में मदद की जाएगी।
------
रेपो दर कम होने से विकास दर में आएगी तेजी
बदायूं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के नए गवर्नर उर्जित पटेल के रेपो दर में एक चौथाई फीसदी की कटौती किए जाने मामले से विकास दर में तेजी आएगी। इस बारे में लीड बैंक मैनेजर अनुराग रमन ने बताया कि रेपो दर घटने से बैंकों में जमा धन पर भी कम ब्याज मिलेगा। इससे निवेशक वहां से रुपये निकालकर बाजार में लगाएगा। इससे बाजार में तेजी आएगी और देश की विकास दर बढ़ जाएगी। कहा कि बहुत जल्द ही इसके व्यापक फायदे नजर आएंगे।