बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर स्थित गांव बिचौला के निकट दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। इसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की मदद से घायल को इलाज के लिए बिल्सी सीएचसी लाया गया। यहां प्राथमिक चिकित्सा करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव ज्योरा पारवाला निवासी राकेश पुत्र जसवीर सिंह दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। दिवाली पर वह अपनी बाइक से दिल्ली से गांव आ रहे थे। रविवार की सुबह नौ बजे जैसे ही उनकी बाइक गांव बिचौला के निकट पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। इसमें राकेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आनन-फानन में घायल राकेश को इलाज के लिए बिल्सी सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
उधर, दूसरी घटना इसी हाईवे पर गांव दिधौनी के पास हुई। क्षेत्र के गांव बेहटा गुंसाई निवासी भगवानदास पुत्र केशोराम दोपहर के समय घर का कुछ सामान लेकर बिसौली अपनी बुआ के घर जा रहा था। गांव दिधौनी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर अचानक फिसल गई। इससे भगवानदास घायल हो गया। उन्हें भी पुलिस ने पहले एंबुलेंस की मदद से बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां उसकी प्राथमिक चिकित्सा करने के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।