दातागंज। कोतवाली क्षेत्र में गांव भटौली के पास रविवार सुबह छह बजे अंनियंत्रित होकर खंती में पलटे ई-रिक्शा के नीचे दबने से बच्ची की मौत हो गई। जबकि उसके पिता समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने बालिका के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
दातागंज के मोहल्ला नई बस्ती निवासी आयेंद्र रविवार सुबह छह बजे परिवार के लोगों के साथ नेता झुकसा का मेला देखने ई-रिक्शा से जा रहे थे। इसी बीच बरेली रोड पर गांव भटौली के पास ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर खंती में पलट गया। इससे ई-रिक्शा के नीचे आर्येंद्र व उनकी बेटी स्वाति (6) दब गए। इससे पिता पुत्री समेत चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंचे और ई-रिक्शा सीधा करके सभी को बाहर निकाला। राहगीरों ने निजी वाहन से सभी को दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां मेडिकल परीक्षण में डॉक्टर ने स्वाति को मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना पर आर्येंद्र के अन्य परिजन भी रोते-बिलखते सीएचसी पहुंच गए।
ई- रिक्शा की टक्कर से बुजुर्ग घायल
उझानी। रेलवे फाटक के पास ई- रिक्शा ने रविवार अपराह्न कोतवाली क्षेत्र के गांव अढ़ौली निवासी साहब सिंह (62) को पीछे से टक्कर मार दिया। पहिया उनके पैर के ऊपर से उतर गया। वह अपने घर लौट रहे थे। लहूलुहान साहब सिंह को लेकर राहगीर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे और उनका प्राथमिक उपचार कराया है। संवाद