मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर सवाल
एक दिन पुरानी घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने मेडिकल कॉलेज में यदि मरीजों और मृतकों के लिए स्ट्रेचर व एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाएं भी समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं, तो यह व्यवस्था की गंभीर खामी है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार ने बताया कि शुक्रवार को किशोरी तरन्नुम को गंभीर हालत में उसका भाई लाया था। यहां पर मनोचिकित्सा विभाग में तैनात डॉक्टर ने मरीज को देखा और मेडिसिन विभाग में भेजा, लेकिन वह मरीज को कहीं और लेकर चला गया। अब जानकारी मिल रही है कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।
महिला अस्पताल पहुंचीं एडी हेल्थ अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
जिला महिला अस्पताल की लगातार बिगड़ रही स्वास्थ्य सेवाओं और डॉक्टरों की कमी को लेकर विभाग हरकत में आ गया है। शनिवार को बरेली मंडल की अपर निदेशक स्वास्थ्य (एडी हेल्थ) जिला महिला अस्पताल पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौजूद डॉक्टरों व एसीएमओ डॉ. श्रीमोहन झा से भी बात की।
निरीक्षण के दौरान एडी हेल्थ ने बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के अवकाश पर चल रहीं महिला डॉक्टरों के मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित डॉक्टर दो दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
एडी हेल्थ ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि ओपीडी, प्रसूति सेवाएं और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने, डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश भी दिए। वहीं एसीएमओ डॉ. श्रीमोहन झा से भी बात की।