उझानी। मंडी समिति के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार छात्र समेत दो युवक घायल हो गए। घायलों में छात्र की हालत गंभीर बताई गई है। हादसा बुधवार की दोपहर हुआ।
बिनावर क्षेत्र के गांव इसायतगंज निवासी राजवीर (25 साल) पुत्र रामपाल और बरेली जिले में भमोरा थाना क्षेत्र के गांव सुधाकर (23 साल) पुत्र रामवीर कासगंज जिले में पटियाली जाने के लिए बाइक से निकले थे। मंडी के पास ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राजवीर और सुधाकर घायल हो गए।
पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों में बीएसी के छात्र राजवीर की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दोनों युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। सुधाकर को उनके परिजन घर ले गए। उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे पुलिस ने थाने में खड़ा कराया है।
ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में दो घायल
बिल्सी। गांव अहमदनगर असौली निवासी पूरन और राजकुमार अपनी बाइक से रफीनगर से कुछ सामान लेने गए थे। जैसे ही उनकी बाइक गांव के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को उठाकर निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। संवाद