कादरचौक। ककोड़ा मेले में बिजली ठेकेदार के साथ मजदूरी करने गया युवक गंगा में नहाते समय डूब गया। साथ में गए अन्य युवक ने उसे डूबते हुए देख शोर मचा दिया। मौके पर पहुंचे गोताखोर युवक की तलाश में जुट गए। पांच घंटे बाद युवक का शव मिला।
ककोड़ा मेले में बिजली की जिम्मेदारी देख रहे ठेकेदार के साथ थाना कादरचौक के अंतर्गत गांव बरचऊ निवासी राजेश (22) पुत्र कुंवरपाल और इसी गांव का वेदपाल पुत्र लीलाधर काम कर रहे थे। शनिवार की सुबह दोनों युवक पुल के पास गहरे पानी में नहाने चले गए। इसी बीच राजेश डूबने लगा। यह देख वेदपाल ने शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों को मौके पर बुला लिया। गोताखोरों ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद राजेश के शव को बाहर निकाला। मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजेश की शादी इसी साल जुलाई माह में हुई थी। मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मेले के दूसरे दिन ही घाट से कम हुई पुलिस की सक्रियता
पूर्णमासी पर मुख्य स्नान वाले दिन करीब पांच लाख लोगों ने स्नान किया था। जबरदस्त भीड़ होने के बावजूद यहां कोई हादसा नहीं हुआ। दूसरे दिन जब भीड़ आधी रह गई तो घाट से पुलिस हट गई। गोताखोर भी नहीं दिखे। इसी का नतीजा रहा कि युवक की गंगा में डूबकर मौत हो गई।