बदायूं। सोमवार को जिले में बाइक से गिरकर एक ग्राम प्रधान समेत दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं अपने बेटों के साथ भैयादूज करने बाइक से मायके जा रहीं थीं। रास्ते में स्पीड ब्रेकर पर उछलकर बाइक से गिर गईं। उन्हें प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। फिलहाल इन घटनाओं के बारे में पुलिस को सूचना नहीं दी गई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम पलिया मेहंदी निवासी लक्ष्मी देवी पत्नी जितेंद्र यादव मौजूदा ग्राम प्रधान थीं। वह सोमवार शाम अपने बेटे योगेंद्र यादव के साथ भैयादूज करने बाइक से मायके नौगवां नसीर नगर जा रही थी। रास्ते में ककराला रोड पर ब्रेकर आने पर वह उछलकर सड़क पर जा गिरीं। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। बेटे की सूचना पर उनके परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। वह लक्ष्मी देवी को शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, जहां से उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। मगर रास्ते में उनकी मौत हो गई। हादसे से उनके परिवार में कोहराम मचा गया है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर सुधाकर पांडेय ने बताया इस संबंध में उनके पास कोई सूचना नहीं आई है। सूचना आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
दबतोरी। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हतसा निवासी सरोज (60) पत्नी बनवारी लाल सोमवार दोपहर अपने बेटे सोनू के साथ ममेरे भाई दुजेंद्र शर्मा की दूज करने बिजौरी गांव गईं थीं। यहां से वह अपने मायके परसिया गांव जा रहीं थीं। तभी परसिया गांव के नजदीक ही ब्रेकर पर वह बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरीं। इससे उनको सिर में गंभीर चोटें आईं। परिवार वाले उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिवार वाले उनका शव लेकर गांव पहुंच रहे हैं। कोतवाली पुलिस ने हादसे की जानकारी से इंकार किया है।