उझानी (बदायूं)। उझानी कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर गांव और बुटला बोर्ड के बीच बरेली-मथुरा हाईवे पर बुधवार दोपहर भीषण हादसा हो गया। एक ही साइड पर रेस लगा रहे दो ट्रैक्टर चालकों की लापरवाही से ई-रिक्शा पर सवार एक ही परिवार की चार महिलाओं सहित छह की मौत हो गई। तीन घायलों में दो की हालत गंभीर है। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। महिलाएं मुरावन नगला से ई-रिक्शा से शादी की रस्म ‘भात’ मांगने के लिए पड़ोसी गठोना गांव जा रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर चालकों के आगे निकलने की होड़ में दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बीच में ई-रिक्शा फंस गया। दोनों ट्रैक्टर उसे रौंदते हुए निकल गए। हादसे के बाद एक चालक अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली दौड़ा ले गया, जबकि दूसरा चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने घायलों का हालचाल जानने के बाद घटनास्थल का मुआयना किया। जिलाधिकारी ने हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है।
इनकी हुई मौत
हादसे में मुरावन नगला निवासी राजकुमारी (55 वर्ष) पत्नी डाल सिंह, इनकी बेटी नारायणी देवी (39 वर्ष) पत्नी सिपट्टर, राजकुमारी की दो बहुओं में सरला (21 वर्ष) पत्नी भोजराज व गंगाश्री उर्फ आरती (35 वर्ष) पत्नी वीरपाल के अलावा इसी परिवार की प्रेमवती (60 वर्ष) पत्नी रामचंद्र और रेवती (70 वर्ष) रामचंद्र की मौत हो गई।
ये घायल हुए हैं
डाल सिंह (60 वर्ष), रिक्शा चालक सनी (20 वर्ष) पुत्र संजू, मुकेशा (20 वर्ष) पत्नी वीरेंद्र घायल हुई हैं। इनमें डाल सिंह की हालत ज्यादा नाजुक है।
डालचंद्र के बेटे की 29 को थी शादी, भात की रस्म निभाने जा रही थीं महिलाएं
कछला नगर पंचायत के मोहल्ला मुरावन नगला निवासी डाल सिंह के बेटे कुमर पाल की 29 जून को शादी होनी है। परिवार के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे। बुधवार दोपहर डाल चंद्र अपनी पत्नी, बेटी, दो बहुओं व परिवार की बुजुर्ग महिलाओं के साथ भात मांगने अपनी ससुराल गठोना ई-रिक्शा से जा रहे थे। कुंवरपाल की शादी गठोना गांव से ही तय हुई है। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार में कोहराम मच गया।
उझानी कोतवाली क्षेत्र में दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की चपेट में आकर ई-रिक्शा सवार छह महिलाओं की मौत हुई है। ई-रिक्शा में नौ लोग सवार थे। तीन घायल हैं। उनका राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। हादसे की जांच के लिए एडीएम ई, एआरटीओ और पुलिस अधीक्षक सिटी की संयुक्त टीम बनाई गई है, जो हादसे के कारणों का परीक्षण करेगी। दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ ली गई हैं। उनके चालकों की तलाश जारी है। - अवनीश राय, जिलाधिकारी, बदायूं
गंगा श्री फाइल फोटो
गंगा श्री फाइल फोटो
गंगा श्री फाइल फोटो
गंगा श्री फाइल फोटो
गंगा श्री फाइल फोटो
गंगा श्री फाइल फोटो