दातागंज। हजरतपुर थाना क्षेत्र के पीपला गांव किनारे बह रही रामगंगा नदी में मंगलवार शाम दो किशोरियां डूब गईं। ग्रामीणों ने एक किशोरी को समय रहते बचा लिया, लेकिन कक्षा पांच की छात्रा बह गई। बुधवार सुबह गोताखोरों ने छात्रा की तलाश की। काफी खोजबीन के बाद दो किलोमीटर दूर छात्रा का शव बरामद हुआ।
गांव पिपला निवासी अमर सिंह की बेटी अंजली (13) कक्षा पांच की छात्रा थी। मंगलवार शाम करीब चार बजे अंजली पड़ोस के हरी सिंह की बेटी कृति (8) के साथ खेतीहर इलाके में घूमने गई थी। परिजनों ने बताया कि गांव किनारे रामगंगा नदी बह रही है।
बाढ़ का पानी आने से रामगंगा में उफान है। अंजली और कृति उसके किनारे खेल रहीं थीं। इसी बीच दोनों का पैर फिसल गया। दोनों गिरकर डूबने लगीं। किशोरियों की चीख पुकार सुनकर वहां मौजूद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। जहां ग्रामीणों ने कृति को समय रहते बचा लिया, लेकिन अंजली बह गई।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर अंजली की तलाश कराई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। अंधेरा होने पर तलाश बंद कर दी गई। बुधवार सुबह गोताखोरों ने फिर से रामगंगा में अंजली की तलाश की।
गोताखोर रामगंगा में तलाश करते हुए दो किलोमीटर दूर रसूलपुर गांव के पास पहुंचे। यहां अंजली का शव रामगंगा के किनारे पर मिल गया। शव देखते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अंजली का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया है। एसओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। तहसील प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई है।