व्यापारी से लूट करने के आरोपी के बारे में जानकारी देते एसपी सिटी। स्रोत- पुलिस
बदायूं। कोतवाली क्षेत्र में व्यापारी के बैग से दो लाख रुपये लूटने की घटना का पुलिस ने शनिवार को खुलासा करते हुए दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। इसमें मुख्य आरोपी आईटीआई का एक छात्र है, जो तीन माह पहले दवा व्यापारी की ही दुकान पर काम किया करता था। दूसरा आरोपी हाईस्कूल का एक नाबालिग छात्र है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,60,880 रुपये, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की घटना को अंजाम दिया।
एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना 28 अप्रैल की रात करीब 10:15 बजे की है। मोहल्ला पटियाली सराय निवासी व्यापारी अंशुमन वैश्य अपनी दवा की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। हुसैनी गली स्थित भारद्वाज टेंट हाउस के पास पीछे से आए स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और भाग गए। बैग में करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन और दुकान की चाबियां थीं।
मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर 1 मई की रात गांधी ग्राउंड के पास से मुख्य आरोपी भरत कश्यप को उसके नाबालिग साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी भरत पुत्र बन्टी कश्यप निवासी मोहल्ला कल्याण नगर थाना कोतवाली पहले पीड़ित की दुकान पर काम करता था और आईटीआई का छात्र है। आरोपी का पिता पान की दुकान चलाता है। उसे व्यापारी की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। अपने शौक पूरे करने के लिए भरत ने नाबालिग साथी, जो हाईस्कूल का छात्र है, के साथ लूट की योजना बनाई।
कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि उन्हें महंगे शौक पूरे करने के लिए रुपयों की जरूरत थी, इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया। घटना के बाद दोनों ने दुकान की चाबी रोजा (मकबरा) के पास फेंक दी थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,60,880 रुपये, स्कूटी नंबर UP24AB4293 (जुपिटर) और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां नाबालिग को बाल सुधार गृह, जबकि दूसरे आरोपी को जेल भेज दिया।