बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बरनी ढकपुरा के निकट तेज रफ्तार मोटर साइकिल की टक्कर से ई-रिक्शा सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति के पैर की हड्डी टूट गई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बरनी ढकपुरा निवासी चैतन्य यादव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनके पिता ऋषिदेव पांच जून की शाम करीब आठ बजे बिल्सी से ई-रिक्शा में सवार होकर गांव लौट रहे थे। ई-रिक्शा गांव निवासी नन्हे पुत्र कृपाल चला रहा था। आरोप है कि गांव के निकट पहुंचने पर सामने से आ रहे गांव के ही सरवेन्द्र पुत्र देशराज ने तेज गति और लापरवाही से मोटर साइकिल चलाते हुए ई-रिक्शा में टक्कर मार दी।
हादसे में ऋषिदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, बाएं हाथ और बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं। पैर की हड्डी भी टूट गई। उन्हें उपचार के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं ई-रिक्शा चालक नन्हे भी घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है।
कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सरवेन्द्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।