संकरी सड़क हादसे की वजह, बस चालक को झपकी आने का शोर
कछला के पास हादसा होने की असल वजह तो जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा, लेकिन इसे लेकर पुलिस समेत इलाके के लोग तमाम तरह के कयास लगा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि सड़क चौड़ीकरण का काम चलने की वजह से कुछेक स्थानों पर वाहनों का रास्ता संकरा हो गया है। इसी के चलते दोनों वाहन चालकों को एक-दूसरे से बचने का मौका नहीं मिल पाया। दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि स्लीपर बस के चालक को झपकी आ गई थी। इसे लेकर यात्रियों में शोर मचा तो आसपास इलाके के लोग भी बस चालक को जिम्मेदार ठहराने लगे।
हादसे के बाद भारी वाहनों की आवाजाही हुई प्रभावित
बरेली-मथुरा हाईवे पर जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह रास्ता संकरा है। सड़क चौड़ीकरण का काम चलने की वजह से वाहन भी तेज रफ्तार के साथ नहीं निकल पाते। हादसे के बाद दोनों वाहन को मौके पर से हटवाने में पुलिसकर्मियों को करीब एक घंटा लगा। इस दौरान बाइक और कार सवार तो निकलते रहे, लेकिन ट्रक और बसों को रोकना पड़ा। जल्दी निकलने की कोशिश के दौरान कई बसें और ट्रक वितरोई मोड़ से मुजरिया के रास्ते बदायूं की ओर गए।
बस के कागज जांच में मिले सही
एआरटीओ हरिओम कुमार ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर जाकर जांच की है। इसमें बस और पिकअप के सभी कागजात सही मिले हैं। हादसे का कारण सड़क निर्माण के चलते रोड संकरा होना ही माना जा रहा है। बस में हादसे के समय करीब 40 यात्री सवार थे, इनमें से किसी को चोट नहीं पहुंची है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।