बदायूं। गाजियाबाद के लोनी की रतिराम कॉलोनी के चर्चित विपिन हत्याकांड के मुख्य आरोपी सोनू को नाम बदलकर तमंचा बरामदगी में जेल भेजने के प्रकरण में मंगलवार को दो और दरोगा निलंबित कर दिए गए। एसपी देहात की जांच रिपोर्ट पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने मूसाझाग थाने में तैनात दरोगा राजकुमार सिंह और फैजगंज बेहटा थाने के एसएसआई नरेंद्र कुमार पर यह कार्रवाई की।
इस प्रकरण में बिनावर, मूसाझाग और फैजगंज बेहटा थाने के तीन दरोगाओं समेत कई पुलिस कर्मियों की मिलीभगत होने की चर्चा के बाद जांच कराई गई थी। मुठभेड़ से बचाने के लिए मुख्य आरोपी से 15 लाख रुपये की डील होने की बात सामने आई थी। इससे पहले एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पर बिनावर थाने के एसएसआई बलबीर सिंह को निलंबित किया गया था और इंस्पेक्टर अरिहंत सिद्धार्थ को लाइन हाजिर कर दिया गया था। इस प्रकरण में अभी विभागीय जांच जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गाजियाबाद के लोनी के रतिराम कॉलोनी में 12 जुलाई को कार का हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद में आरोपी सोनू ने विपिन के पेट में दो गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद सोनू भाग गया था। उसकी तलाश के लिए गाजियाबाद पुलिस और एसओजी की टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। लोनी पुलिस ने आरोपी पर 20 हजार का इनाम भी घोषित किया था।
इधर, आरोपी गाजियाबाद की पुलिस से बचने के लिए बदायूं पहुंच गया। यहां बिनावर थाने के एसएसआई बलवीर सिंह ने 23 जुलाई को आरोपी सोनू को अपने क्षेत्र में तमंचे के साथ गिरफ्तार दिखाया और नाम बदलकर उसे सोहनपाल उर्फ सूजल निवासी दिल्ली दिखाते हुए जेल भेज दिया था।
लोनी पुलिस ने मामले की जांच की तो मालूम हुआ कि आरोपी को तमंचा बरामदगी के आरोप में बिनावर पुलिस ने जेल भेजा है। डीआईजी अजय साहनी ने प्रकरण की जांच बरेली के एसपी सिटी मानुष पारिक को दी। इसके अलावा जिले में एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने प्रारंभिक जांच की। अब एसपी देहात ने विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की, जिस पर यह कार्रवाई हो सकी।
-
पांच थानों के चक्कर काटने के बाद बिनावर में बनी थी बात
- लोनी के चर्चित हत्याकांड के वांछित मुख्य आरोपी को लेकर सामने आए घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े किए हैं। चर्चा है कि आरोपी ने हत्या के मुकदमे में गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले फैजगंज बेहटा, मूसाझाग, कादरचौक, सहसवान और बिनावर समेत पांच थानों के चक्कर लगाए। कई स्थानों पर प्रयास सफल नहीं हुआ, लेकिन बिनावर में उसे आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार दिखाकर जेल भेजा था।
रिश्तेदारी होने पर एसएसआई नरेंद्र कुमार की रही मुख्य भूमिका
- विपिन हत्याकांड के वांछित आरोपी सोहनपाल उर्फ सूजल (सोनू) को लेकर सामने आए घटनाक्रम में थाना फैजगंज बेहटा के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार की भूमिका सबसे अहम रही। आरोपी सोनू और नरेंद्र कुमार के बीच रिश्तेदारी है। रिश्ते के कारण आरोपी ने पहले उनसे संपर्क किया और पूरी रणनीति तैयार की। बताते हैं कि विभिन्न थानों में संपर्क और गिरफ्तारी की कोशिशों में नरेंद्र कुमार की भूमिका प्रमुख रही।