सैदपुर/वजीरगंज। मीरापुर गांव में डेंगू की जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए शुरुआती शिविरों में डेंगू का कोई मरीज नहीं मिला था। दोबारा टीम पहुंची तो पांच मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले। अब सोमवार को लगाए गए शिविर में 40 लोगों की जांच की गई, इसमें दो और व्यक्ति डेंगू पॉजिटिव मिले हैं।
मीरापुर में पिछले दिनों 100 से अधिक ग्रामीण बुखार की चपेट में थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में शिविर लगाकर जांच कराई थी। इस दौरान डेंगू और मलेरिया की जांच में कोई पॉजिटिव नहीं मिला। बाद में डेंगू पीड़ित महिला की मौत होने के बाद टीम दोबारा गांव पहुंची। यहां पर टीम को पांच डेंगू पॉजिटिव मरीज मिले। वहीं अब फिर शिविर में दो डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 24 वर्षीय सौरभ कश्यप और 22 वर्षीय कुसमा एंटीजन किट की जांच में पॉजिटिव पाई गई।
ग्रामीण सोनू, महेश का कहना है कि गांव में अभी भी कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। कुछ लोग घर पर इलाज करा रहे हैं, तो कुछ निजी डॉक्टर और अस्पतालों में जा रहे हैं। ऐसे में केवल शिविर लगाकर कुछ लोगों की जांच करने के बजाय बुखार से पीड़ित सभी लोगों की जांच और उनकी लगातार निगरानी की मांग उठ रही है। सीएचसी सैदपुर प्रभारी जुनैद मेहंदी ने बताया कि गांव में शिविर लगाया गया है। इसमें किट की जांच में दो डेंगू पॉजिटिव आए हैं। इनकी एलाइजा जांच कराई जाएगी।