उघैती थाने में खड़ा आरोपी। स्रोत-पुलिस
बदायूं। दुकान से दो लाख रुपये लेकर बाइक से घर लौट रहे दुकानदार को लूटने वाले एक आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। दूसरे की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
उघैती थानाक्षेत्र के गांव कोठा निवासी सुबोध कुमार ने दो लोगों के खिलाफ मारपीट व लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि भतीजा रोहित गुप्ता नूरपुर पिनौनी में सरिया सीमेंट की दुकान चलाता है। 10 मई को वह अपनी बाइक से बैग में दो लाख रुपये लेकर दुकान से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में ग्राम कोठा के बाहर पीपल के पेड़ के नजदीक पहले से घात लगाए खड़े कार सवार गांव के ही सुरेंद्र सिंह व करियामई निवासी मुकेश ने बाइक देखते ही कार से टक्कर मारकर गिरा दिया। दो लाख रुपये से भरा बैग मारपीट कर छीन लिया। आरोपी भतीजे को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। बृहस्पतिवार को आरोपी सुरेंद्र सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है।