दातागंज। गांव ढिलवारी के पास बृहस्पतिवार तड़के करीब चार बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। इससे ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब सभी लोग साथी मजदूर की गर्भवती पत्नी को सीएचसी में भर्ती कराने के बाद भट्ठे पर लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को दातागंज सीएचसी पर भर्ती कराया है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बेनी नगला निवासी बाबू समेत गांव के अन्य लोग फरीदपुर के एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करते हैं। बुधवार देर रात बाबू की पत्नी रीना को प्रसव पीड़ा हुई। इसके चलते बाबू अपने साथी मजदूरों के साथ पत्नी रीना को लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से दातागंज सीएचसी गया था। बाबू ने रीना को सीएचसी पर भर्ती कराया। इसके बाद वह लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से वापस ईंट भट्ठे पर लौट रहे थे।
इसी बीच ढिलवरी गांव के पास तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खंती में पलट गई। ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबने से निवासी सुखपाल (18) पुत्र दयाराम व राकेश (20) पुत्र राजू की मौत हो गई। बाबू (21), बबलू (20) व मनोज (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पहुंची पुलिस ने ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को दातागंज सीएचसी भिजवाया। पुलिस ने सुखपाल व राकेश के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। एक ही गांव में दो युवकों की मौत से मातम पसरा हुआ है। परिवार में चीख पुकार मची है।
मृतक राकेश का फाइल फोटो।- फोटो : Samvad
मृतक राकेश का फाइल फोटो।- फोटो : Samvad