बदायूं। जिले के अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। वहीं किशोरी समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने शवों को जिला मुख्यालय भेजा है। होली पर घरों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दातागंज। शाहजहांपुर जिले के थाना गढ़िया रंगीन के गांव अमरेड़ी निवासी सर्वेश (23) पुत्र भंवरपाल अपनी बहन के घर अलापुर थाना क्षेत्र के गांव कूड़ा गुर्जर आए थे। बुधवार को रंग समाप्त होने के बाद वह अपनी भांजी दीपू (15) को कपड़ा दिलाने के लिए बाइक से कस्बा दातागंज जा रहे थे। उनके साथ गांव के ही समर सिंह भी साथ थे। जैसे ही उनकी बाइक गनगोला और पलिया गुर्जर के बीच पहुंची, सामने से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार सर्वेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समर सिंह और दीपू घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने सर्वेश के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
सर्वेश के भाई संजू ने बताया कि वह पांच भाइयों में सबसे छोटा था। मजदूरी करके परिवार का सहयोग करता था। होली पर वह अपनी बहन के घर आया था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक वीरपाल सिंह ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
प्रसाद चढ़ाने जा रहे युवक की बाइक पेड़ से टकराई, मौत
कुंवरगांव। थाना व कस्बा के वार्ड संख्या एक निवासी रामदास (30) पुत्र सूरजपाल बुधवार सुबह घर से मडिया भांसी मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने बाइक से जा रहे थे। अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में उन्हें सीएचसी बिनावर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि रामदास पत्नी व बच्चों के साथ पंजाब में रहकर मजदूरी करते थे और होली पर घर आए थे। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनकी मां अमरावती, पत्नी सुनीता, बड़े बेटे शिवा व बेटी माधवी समेत परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमाॅर्टम कराया गया है। संवाद
कुंवरगांव में रोते-बिलखते रामदास के परिजन।संवाद
कुंवरगांव में रोते-बिलखते रामदास के परिजन।संवाद