बिल्सी। बदायूं-बिजनौर हाईवे पर जाम की समस्या दिनों-दिन विकराल रूप लेती जा रही है। नगर के बीचोंबीच गुजरने वाले इस हाईवे पर बृहस्पतिवार दोपहर सीताराम तिराहे से साहबगंज तक करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। अचानक बने इस हालात ने आमजन और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दीं हैं।
बृहस्पतिवार दोपहर को बड़े वाहनों के आमने-सामने फंस जाने से कुछ ही मिनटों में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की स्थिति ऐसी बनी कि एक ओर लाइन कोतवाली तक जा पहुंची, जबकि दूसरी दिशा में खैरी बस स्टैंड और अंबियापुर चौराहे की ओर भी आगे तक वाहन रेंगते नजर आए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराने में जुट गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो पाई। इस दौरान जाम में फंसे लोगों के चेहरों पर परेशानी साफ नजर आई। सीताराम तिराहे के आसपास के दुकानदारों का कहना है कि यहां दिन में कई बार जाम लगता है। संकरी सड़क और बड़े वाहनों की लगातार आवाजाही इसकी बड़ी वजह है।