बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के भगवान परशुराम आवासीय इंटर कॉलेज में पढ़ने वाला कक्षा नौ का छात्र 25 नवंबर को अचानक गायब हो गया। गोपीचौक के रहने वाले विनीत ने बताया कि सूचना मिलने पर बेटे को स्कूल देखने के लिए पहुंचे। तलाश करने पर पता नहीं चल सका है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की है।
पिता विनीत ने बताया कि बेटे सुनीत शर्मा उर्फ यश कुमार का आवासीय स्कूल में दाखिला कराया था। वह कक्षा नौंवी का छात्र है। मंगलवार को वह खुद उसको विद्यालय में छोड़कर आए थे। 26 नवंबर को सुबह छह बजे फोन आया कि सुनीत शर्मा विद्यालय में नहीं है। वह कही चला गया है।
रिश्तेदारी व अन्य स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका है। बेटा अभी नासमझ है, उसे कोई बहला-फुसलाकर भी ले जा सकता है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की है। इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि छात्र की तलाश में दो टीमों को लगाया गया है। जल्द ही उसे सकुशल तलाशकर परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।