शहर के मढ़ई चौक पर मारपीट के दौरान लोहे की रॉड से छीना झपटी करते युवक।स्रोत-वीडियोग्रैब
बदायूं। शहर के मढ़ई चौक पर मंगलवार देर शाम रंजिशन दो गुटों में मारपीट हो गई। इस दौरान युवकों ने एक-दूसरे पर लोहे की रॉड और चाकूओं से कई प्रहार कर दिए। चाकूबाजी में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक का सिर फट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। देर रात तक तहरीर न मिलने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
घटना सदर कोतवाली क्षेत्र में मढ़ई चौक पर हुई। शहर के कल्याण नगर गली नंबर निवासी कुछ युवक मंगलवार देर शाम मढ़ई चौक से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनका विरोधी गुट से सामना हो गया। दोनों गुटों के युवकों ने एक-दूसरे को देख गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों गुट एक दूसरे पर हमलावर हो गए। इस बीच एक गुट के युवकों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
इस दौरान दूसरे गुट ने चाकू से हमला कर दिया। चाकूबाजी में दूसरे गुट के एक युवक की अंगुली कट गई। वहीं, लोहे की रॉड से एक युवक का सिर फट गया। चाकूबाजी व मारपीट से बाजार में अफरातफरी मच गई। मारपीट में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सदर कोतवाल प्रवीन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के पहुंचते ही एक गुट के युवक मौके से भाग निकले। पुलिस ने मौके पर मिले दो घायल युवकों को जिला अस्पताल भेजकर उपचार कराया है। सदर कोतवाल प्रवीन सिंह ने बताया कि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई हैं। मेडिकल कराया गया हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।