बुखार से मौत का दौर सोमवार को भी जारी रहा। रविवार को ककराला में बुखार से दो लोगों की मौत के बाद सोमवार को भी दो महिलाओं ने बुखार के चलते दम तोड़ दिया। इनमें एक महिला की मौत दिल्ली में हुई, जबकि दूसरी ने घर पर ही दम तोड़ा। कस्बे में 200 से ज्यादा लोग बुखार की गिरफ्त में हैं। अस्पताल में बेड और दवाओं की किल्लत के चलते लोग जिला अस्पताल के साथ झोलाछापों की शरण में जाने को मजबूर हो रहे हैं।
जिले में संक्रामक बुखार का प्रकोप अगस्त के पहले सप्ताह में शुरू हुआ था। सबसे पहले जगत ब्लाक और ककराला को बुखार ने गिरफ्त में लिया। इसके बाद कादरचौक, सालारपुर ब्लाक की बुखार की गिरफ्त में आ गए। ककराला कस्बे के फरहत की पत्नी फिरोज (40) को कई दिन से बुखार आ रहा था। स्थानीय डॉक्टर से इलाज में सुधार न होने पर परिवार वालों ने उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान रविवार रात फिरोज की मौत हो गई।
ककराला कस्बे के ही तारिक की पत्नी शबनम (29) कई दिन से बुखार की गिरफ्त में थी। परिवार वाले उसका कस्बे में ही एक डॉक्टर से इलाज करा रहे थे। सोमवार को शबनम ने भी दम तोड़ दिया। कस्बे में 200 से ज्यादा लोग बुखार की चपेट में हैं। संक्रामक रोग नियंत्रण सेल की टीमों के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी काम कर रही हैं। इसके बावजूद स्थिति पर काबू नहीं हो पा रहा है।
गुलड़िया के बाबूजी को निगल गया बुखार
गुलड़िया। बिजली विभाग के मुख्य अभियंता के पद से 26 साल पहले सेवानिवृत्त होने के बाद समाजसेवा में जुटे गुलड़िया के हरप्रसाद सिंह उर्फ बाबू जी को भी बुखार निगल गया। सोमवार को उनकी बरेली के एक अस्पताल में मौत हो गई। वह करीब 85 साल के थे। उनके निधन से इलाके में शोक की लहर है।
हरप्रसाद सिंह ने गुलड़िया के विकास के लिए काफी काम किया। कुर्मी समाज की तरक्की के लिए भी वह जुटे रहे। सदभावना समिति के अध्यक्ष रहे हरप्रसाद सिंह ने चंदा करके गुलड़िया में श्मशान भूमि का निर्माण कराया। उनके प्रयासों से ही कछला में कुर्मी धर्मशाला का निर्माण हुआ और दातागंज रेलवे क्रासिंग के पास कुर्मी क्षत्रिय महाविद्यालय की नींव रखी। यह निर्माणाधीन है। गुलड़िया में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना भी हरप्रसाद सिंह के प्रयासों से हुई थी। उनके निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
सराय पिपरिया और अलापुर में लगे हेल्थ कैंप
बदायूं। दातागंज ब्लाक के गांव सराय पिपरिया और अलापुर कस्बे में संक्रामक रोग नियंत्रण सेल की ओर से हेल्थ कैंपों का आयोजन किया गया। सराय पिपरिया गांव में स्वास्थ्य विभाग ने फागिंग भी कराई। हेल्थ कैंपों में 600 से ज्यादा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं दी गईं। संदिग्ध रोगियों की स्लाइड भी तैयार की गईं। डॉ. कौशल गुप्ता, डॉ. कमर इकबाल ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। सीएमओ डॉ. सुनील सक्सेना ने हेल्थ कैंपों का निरीक्षण किया।
ककराला में समाजसेवियों ने लगवाए हेल्थ कैंप
ककराला। कस्बे में समाज सेवी साजिद अली खां और असलम खां ने हेल्थ कैंप लगवाए। यहां भारी संख्या में लोग स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंचे। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बीमार लोगों को दवाओं का वितरण भी किया गया। मंगलवार को भी हेल्थ कैंपों का आयोजन किया जाएगा।