फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: एंबुलेंस व टेंपो की आमने-सामने की टक्कर में अधिवक्ता समेत दो की मौत, चार घायल

विज्ञापन
हादसे के बाद घटना स्थल पर  पलटी पड़ी एंबुलेंस। स्त्रोत परिजन
विज्ञापन
बदायूं। सिविल लाइंस क्षेत्र में मंगलवार की सुबह बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर दहेमी गांव के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस और टेंपो की आमने-सामने हुई टक्कर में अधिवक्ता सहित दो की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन

मृतकों की पहचान बरेली जनपद के बहेड़ी के वार्ड नंबर 25 निवासी यूनुस (19) पुत्र रहीस अहमद और वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव कुनार निवासी एडवोकेट भवीश (38) पुत्र रामौतार के रूप में हुई है। टेंपो में सवार चार अन्य घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो घायल महिलाओं को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे के बाद राजस्थान नंबर की एंबुलेंस का चालक मौके से भाग निकला।
वजीरगंज निवासी टेंपो चालक संजीव कुमार वजीरगंज कस्बे से छह सवारियों को बैठाकर बदायूं आ रहे थे। टेंपो में वजीरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी होमगार्ड रामकुमार, गांव कुनार निवासी एडवोकेट भवीश और बरेली के बहेड़ी कस्बा निवासी अफसाना और उसका बेटा अबान, अफसाना का देवर यूनुस, ननद सबीना सवार थीं। सभी सवारी वजीरगंज से आ रही थीं।
विज्ञापन

टेंपो बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर दहेमी गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एंबुलेंस और टेंपो में टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अफसाना और सबीना को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। अन्य घायलों में होमगार्ड रामकुमार व चालक संजीव कुमार को जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया। बाद में चालक को परिजन बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।





बरेली में वकालत किया करते थे भवीश
भवीश रोजाना की तरह वजीरगंज से बरेली अपने वकालत के पेशे के लिए घर से निकले थे। भवीश वजीरगंज से टेंपो में सवार होकर बदायूं के लिए निकले थे। भवीश की 8 साल पहले उर्मिला से शादी हुई थी। उनके पांच बच्चों में चार बेटियां और एक बेटा है। मौत की सूचना गांव पहुंचने पर उनके परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है।






अबान के जन्मदिन में शामिल होने आए थे यूनुस और सबीना
बहेड़ी निवासी अफसाना करीब 15 दिन पहले अपने मायके वजीरगंज आई थीं। 16 अगस्त को अबान का जन्मदिन होने के कारण उसके चाचा यूनुस और बुआ सबीना वजीरगंज आ गए थे। अफसाना के भाई हसमुद्दीन ने बताया कि अबान का जन्मदिन होने के कारण यूनुस उसमें शामिल होने और बहन अफसाना व भांजे अबान को लिवाने भी आया था। यूनुस के साथ उनकी बहन सबीना भी आई थी। जन्मदिन में शामिल होने के बाद वह एक दिन वजीरगंज में रुके थे। मंगलवार सुबह वह बहेड़ी जाने के लिए बदायूं से ट्रेन पकड़ने के लिए वजीरगंज से टेंपो से बैठे थे। आधे रास्ते पहुंचने पर हादसे की सूचना आ गई।





पोस्टमॉर्टम हाउस पर तैनात हैं होमगार्ड रामकुमार
वजीरगंज के होमगार्ड रामकुमार बदायूं के पोस्टमॉर्टम हाउस पर तैनात हैं। मंगलवार सुबह वह अपनी ड्यूटी के लिए घर से टेंपो से निकले थे। उनकी पोस्टमॉर्टम हाउस पर ड्यूटी सुबह की शिफ्ट में थी। जिला अस्पताल में भर्ती होमगार्ड रामकुमार ने बताया कि वह टेंपो की आगे की सीट पर ड्राइवर के बगल में बैठे हुए थे। उनकी दूसरी साइड एक और युवक बैठा था। पीछे वाली सीट पर दो महिला के साथ एक युवक बैठा हुआ था। हादसे के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ याद नहीं कि अचानक क्या हुआ था। एंबुलेंस कहां से आई, इसकी कोई जानकारी नहीं है।






सबीना-अफसना का बरेली में चल रहा इलाज

अफसाना के भाई हसमुद्दीन ने बताया कि सबीना की हालत बेहद नाजुक है। उनका बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। सबीना के साथ अफसाना को भी बरेली में भर्ती कराया गया है। उनके बेटे अबान के भी मामूली चोटें आई थीं।



हादसे में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद केस पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी। राजस्थान नंबर की एंबुलेंस की भी जांच की जा रही है। चालक की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। - राहुल पांडेय, सीओ सिटी

हादसे के बाद घटना स्थल पर  पलटी पड़ी एंबुलेंस। स्त्रोत परिजन

हादसे के बाद घटना स्थल पर  पलटी पड़ी एंबुलेंस। स्त्रोत परिजन

हादसे के बाद घटना स्थल पर  पलटी पड़ी एंबुलेंस। स्त्रोत परिजन

हादसे के बाद घटना स्थल पर  पलटी पड़ी एंबुलेंस। स्त्रोत परिजन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें