हंगामा और प्रदर्शन के बाद मिले दो करोड़ रुपये
सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधकों ने करेंसी चेस्ट पंजाब नेशनल बैंक सिविल लाइंस शाखा के सामने जमकर हंगामा किया। इस हंगामे और प्रदर्शन के बाद लीड बैंक मैनेजर ने सर्व यूपी ग्रामीण बैंक शाखाओं को दो करोड़ रुपये देने की बात पर मामला शांत हुआ। शाखा प्रबंधकों ने साफ कहा कि यदि दो दिनों में बैंक शाखाओं की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे लोग ग्रामीण बैंक शाखाओं में तालाबंदी कर देंगे। साथ ही शाखा प्रबंधकों ने पीएनबी और एलडीएम मुर्दाबाद के नारे लगाए।
इस दौरान सर्व यूपी ग्रामीण बैंक ऑफिसर्स ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष देवदत्त शर्मा ने कहा कि पीएनबी मैनेजमेंट ग्रामीण बैंकों को फेल करना चाहता है। कम्युनिस्ट यूनियनों से जुड़े अधिकारी केंद्र सरकार के नोटबंदी के निर्णय को फेल करना चाहते हैं। ग्रामीण बैंक के कर्मचारी मजदूर भारतीय मजदूर संघ से जुड़ा होने की वजह से अधिक मेहनत करके सेवा करना चाहते थे, लेकिन उन लोगों को रुपये न मिलने की वजह से आक्रोश झेलना पड़ रहा है। कहा कि धन आवंटन सही अनुपात में न होने पर बैंकों को बंद करने की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन के दौरान महामंत्री मनोज जौहरी, प्रदीप सक्सेना, अजय सक्सेना, विनोद, अशोक साहू, विकास रस्तोगी, अशोक वर्मा, जितेंद्र शर्मा, राजेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।